शरीर में खुजली क्यों होती है? इन विटामिन्स की कमी हो सकती है वजह, जानें तुरंत राहत के असरदार उपाय

शरीर में लगातार खुजली होना एक आम लेकिन बेहद परेशान करने वाली समस्या है। यह स्थिति न सिर्फ दिनचर्या को प्रभावित करती है, बल्कि कई बार रात की नींद भी उड़ा देती है। आमतौर पर लोग खुजली को त्वचा की बाहरी परेशानी मानते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यह शरीर के अंदर किसी गड़बड़ी का संकेत भी हो सकती है। कई मामलों में खुजली लिवर से जुड़ी समस्या, एलर्जी, दाद-खाज या पित्ती के कारण होती है, लेकिन कई बार इसका कारण शरीर में जरूरी विटामिन और पोषक तत्वों की कमी भी होती है।

किस विटामिन की कमी से होती है खुजली
डॉक्टर्स के मुताबिक, शरीर में कुछ खास विटामिन्स की कमी त्वचा को रूखा बना देती है, जिससे खुजली की समस्या बढ़ जाती है। विटामिन A की कमी से स्किन ड्राई हो जाती है और लगातार खुजली महसूस होती है। विटामिन B12 की कमी के कारण त्वचा पर रैशेज, झुनझुनी और हाथ-पैरों में खुजली हो सकती है। वहीं विटामिन B3 यानी नियासिन की कमी से त्वचा पर लाल चकत्ते, घाव और जलन की शिकायत होने लगती है। इसके अलावा विटामिन E और विटामिन C की कमी भी त्वचा की नमी को कम कर देती है, जिससे खुजली और जलन की समस्या पैदा हो सकती है।

खुजली में तुरंत राहत पाने के घरेलू उपाय
अगर खुजली ज्यादा परेशान कर रही है तो कुछ आसान घरेलू उपाय तुरंत राहत दे सकते हैं। कैलामाइन लोशन त्वचा को ठंडक पहुंचाता है और खुजली को शांत करने में मदद करता है। स्किन एक्सपर्ट्स भी इसे सुरक्षित और असरदार मानते हैं। लैवेंडर, पेपरमिंट और यूकेलिप्टस जैसे आवश्यक तेलों में सूजन-रोधी गुण होते हैं, जो त्वचा पर ठंडक देकर खुजली और जलन कम करते हैं। इन तेलों को सीधे न लगाकर किसी कैरियर ऑयल या क्रीम के साथ इस्तेमाल करना बेहतर होता है। इसके अलावा बर्फ की सिकाई भी खुजली और सूजन को तुरंत कम करने में मददगार साबित होती है। बर्फ को कपड़े में लपेटकर प्रभावित जगह पर कुछ मिनट लगाने से आराम मिलता है।

Related posts