नई दिल्ली के रणहोला इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सड़क पर अचानक बेहोश होकर तड़प रहे एक शख्स की मदद करने के बजाय स्कूटी सवार दो युवकों ने उसकी जेब से मोबाइल और पर्स निकाल लिया और मौके से फरार हो गए। इलाज और समय पर सहायता न मिलने के कारण कुछ घंटों बाद उस व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार तड़के हुई इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
सुबह चार बजे सड़क पर गिरा शख्स
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, रनहोला थाना क्षेत्र के विकास नगर इलाके में शनिवार सुबह करीब चार बजे एक व्यक्ति चलते-चलते अचानक चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़ा। वीडियो में देखा जा सकता है कि जमीन पर गिरने के बाद वह तड़पता रहा। शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि उसे हार्ट अटैक या मिर्गी का दौरा पड़ा हो सकता है।
मदद की जगह लूट, फिर फरार
उसी दौरान स्कूटी से गुजर रहे दो युवक वहां रुकते हैं। स्कूटी पर पीछे बैठा युवक उतरता है और जमीन पर पड़े व्यक्ति का मोबाइल फोन उठा लेता है। इसके बाद वह दोबारा लौटकर उसकी जेब की तलाशी लेता है। जब उसे कुछ और नहीं मिलता तो वह आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को देखता है और अपने साथी के साथ वहां से फरार हो जाता है।
कई घंटे तड़पता रहा, फिर मौत
घटना के बाद वह शख्स कई घंटों तक उसी हालत में सड़क पर पड़ा रहा। किसी ने भी समय पर उसकी मदद नहीं की। सुबह करीब आठ बजे इलाके के लोगों ने उसे वहां पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के हमले के निशान नहीं मिले हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार दोनों युवकों की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
