बिछवां। मैनपुरी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां क्रिकेट खेलते समय अचानक एक किशोर की मैदान पर ही मौत हो गई। बिछवां क्षेत्र के गांव सहारा में 13 वर्षीय बालक विराट चौहान क्रिकेट मैच के दौरान अचेत होकर गिर पड़ा और फिर दोबारा उठ नहीं सका। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हृदयगति रुकना बताया गया है।
क्रिकेट मैच के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
गांव सहारा निवासी सोमेंद्र सिंह चौहान का पुत्र समर उर्फ विराट चौहान गांव लहरा स्थित अनारा एजुकेशन एकेडमी में कक्षा छह का छात्र था। रविवार सुबह अवकाश होने के कारण वह गांव के खेल मैदान में अन्य बच्चों के साथ घरेलू क्रिकेट मैच खेल रहा था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे विराट गेंदबाजी कर रहा था। तीन गेंद फेंकने के बाद अचानक उसके सीने में तेज दर्द हुआ और वह मैदान पर ही गिर पड़ा।
मैदान पर ही हो गया अचेत, बच्चों ने दी परिजनों को सूचना
साथी खिलाड़ियों ने जब विराट को उठाने की कोशिश की तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं दिखी। घबराए बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना स्वजन को दी। मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए ले गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन पहले विराट को एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर बताई गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण हृदयगति रुकना बताया।
पोस्टमार्टम कराने से इनकार, शव गांव ले गए परिजन
डॉक्टरों ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही विराट के शव को गांव वापस ले गए। इस फैसले के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
इकलौते बेटे की मौत से गांव में मातम
घटना की सूचना मिलते ही गांव सहारा में शोक की लहर दौड़ गई। इकलौते बेटे की असमय मौत से मां सुनीति और सात वर्षीय बहन आराध्या का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय पिता सोमेंद्र सिंह निजी कार्य से दिल्ली गए हुए थे। उनके लौटने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
