लखनऊ में स्थित ऐतिहासिक विधान भवन अब आधुनिक तकनीक से लैस एक नए रूप में नजर आएगा। सरकार ने यहां डिजिटल आर्ट गैलरी स्थापित करने की तैयारी कर ली है, जिसके माध्यम से प्रदेश के राजनीतिक और संसदीय इतिहास को अत्याधुनिक तकनीक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए बजट में 4.10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखेगा मुख्यमंत्रियों और विभूतियों का योगदान
प्रस्तावित गैलरी में प्रदेश के अब तक के सभी मुख्यमंत्रियों, विधान सभा अध्यक्षों और अन्य प्रमुख विभूतियों के जीवनवृत्त, कार्यकाल और उपलब्धियों को डिजिटल स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। आगंतुक इंटरएक्टिव टच स्क्रीन पैनल के माध्यम से किसी भी नेता या ऐतिहासिक घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी, फोटो और वीडियो सामग्री देख सकेंगे।
गैलरी में शपथ ग्रहण समारोह, महत्वपूर्ण विधेयकों के पारित होने और ऐतिहासिक बैठकों से जुड़े दुर्लभ चित्र और दस्तावेज भी डिजिटल रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा विधान सभा की कार्यवाही और मुख्यमंत्रियों के महत्वपूर्ण भाषणों के ऑडियो-वीडियो क्लिप भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे दर्शक प्रदेश की लोकतांत्रिक यात्रा को करीब से समझ सकें।
डिजिटल टाइमलाइन में सिमटेगा प्रदेश का राजनीतिक सफर
प्रदेश के राजनीतिक विकास की पूरी यात्रा को वर्षवार डिजिटल टाइमलाइन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस सुविधा से आगंतुक एक नजर में राज्य के राजनीतिक इतिहास की प्रमुख घटनाओं और बदलावों को समझ सकेंगे। साथ ही शोधार्थियों और जनप्रतिनिधियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक डिजिटल आर्काइव सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिसमें पुराने अभिलेख और संदर्भ सामग्री सुरक्षित रखी जाएगी।
आधुनिक एलईडी स्क्रीन, उन्नत प्रोजेक्शन और साउंड सिस्टम से सुसज्जित यह गैलरी न केवल ज्ञानवर्धक अनुभव प्रदान करेगी, बल्कि विधान भवन की गरिमा और आकर्षण को भी नई ऊंचाई देगी।
विधान सभा मंडप के केंद्रीय वातानुकूलन संयंत्र का होगा अपग्रेडेशन
विधान सभा मंडप में स्थापित केंद्रीय वातानुकूलन संयंत्र का भी व्यापक उन्नयन किया जाएगा। आधुनिक तकनीक आधारित उपकरणों के माध्यम से हीटिंग और कूलिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्य के लिए 3.65 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
विधान परिषद में फसाड लाइटिंग और डिजिटल लाइब्रेरी की तैयारी
विधान भवन की भव्यता को और बढ़ाने के लिए विधान परिषद के पोर्टिको में फसाड लाइटिंग स्थापित की जाएगी। इसके लिए 4.93 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं विधान परिषद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी, जिससे सदस्यों को शोध और संदर्भ सामग्री डिजिटल माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो सके। इस परियोजना के लिए भी बजट में 4.93 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
