यूपी पुलिस की वर्दी में होगा बदलाव, 9 मार्च से दिन में ग्रीष्मकालीन ड्रेस अनिवार्य; DGP कार्यालय ने जारी किया आदेश

उत्तर प्रदेश में तैनात लाखों पुलिसकर्मियों की वर्दी को लेकर पुलिस मुख्यालय से अहम आदेश जारी किया गया है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक मौसम में हो रहे बदलाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अब तय तिथियों के अनुसार ग्रीष्मकालीन वर्दी पहनेंगे।

जारी आदेश के अनुसार 9 मार्च से प्रदेश के सभी पुलिसकर्मी दिन के समय ग्रीष्मकालीन वर्दी पहनेंगे। वहीं रात के समय स्थानीय मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता अनुसार शीतकालीन वर्दी पहनने की अनुमति होगी। इसके बाद 22 मार्च से दिन और रात दोनों समय केवल ग्रीष्मकालीन वर्दी ही अनिवार्य रूप से पहननी होगी।

डीजीपी कार्यालय से जारी हुआ निर्देश

यह आदेश पुलिस महानिदेशक के जनरल स्टॉफ अधिकारी पुलिस महानिरीक्षक केएस इमैन्युअल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस निर्देश के आधार पर प्रदेश के सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने स्तर पर वर्दी परिवर्तन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

मौसम के अनुसार बदलती है पुलिस की वर्दी

उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्दी परिवर्तन को लेकर समय-समय पर मौसम के अनुसार आदेश जारी किए जाते हैं। सर्दियों के मौसम में पुलिसकर्मियों को पहले केवल रात की ड्यूटी के दौरान और बाद में दिन-रात दोनों समय शीतकालीन वर्दी पहनने के निर्देश दिए जाते हैं। वहीं गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन वर्दी पहनने का आदेश लागू किया जाता है।

प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया आदेश

ग्रीष्मकालीन वर्दी लागू करने के इस आदेश की प्रति प्रदेश के सभी अपर पुलिस महानिदेशक और जोनल अपर पुलिस महानिदेशकों को भेजी गई है। इसके अलावा सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस उप महानिरीक्षकों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों तथा विभिन्न इकाइयों के सेनानायकों को भी यह आदेश भेजकर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Related posts