नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में सोमवार रात हुए सिलसिलेवार धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया। राजधानी मैदुगुरी में कम से कम तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए इन विस्फोटों में दर्जनों लोगों की मौत की आशंका है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाकों के पीछे आत्मघाती हमलावरों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल और बाजार बने निशाना
राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के संचालन प्रमुख सिराजो अब्दुल्लाही के मुताबिक, धमाके ‘मैदुगुरी विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल’ के प्रवेश द्वार और दो भीड़भाड़ वाले बाजारों—‘पोस्ट ऑफिस’ और ‘मंडे मार्केट’—में हुए। हमलों के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि, मृतकों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घायलों की संख्या 200 के पार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट बेहद शक्तिशाली थे और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीद बगोनी अल्कली ने बताया कि उन्होंने खुद कई घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उनके मुताबिक, 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। वहीं, एक स्वयंसेवी समूह के सदस्य मोहम्मद हसन ने ‘पोस्ट ऑफिस’ और ‘मंडे मार्केट’ से कम से कम 10 शव बरामद किए जाने की जानकारी दी।
किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
अब तक इन धमाकों की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, जिस इलाके में यह हमला हुआ है, वहां कुख्यात आतंकवादी संगठन बोको हराम लंबे समय से सक्रिय रहा है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
गवर्नर ने की कड़ी निंदा
बोर्नो राज्य के गवर्नर बाबागाना उमारा जुलुम ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अमानवीय बताया है। इससे पहले नाइजीरियाई सेना ने दावा किया था कि उसने सोमवार तड़के मैदुगुरी के बाहरी इलाके में संदिग्ध आतंकियों के हमले को नाकाम कर दिया था।
लंबे समय से सुरक्षा संकट से जूझ रहा नाइजीरिया
नाइजीरिया खासकर उसके उत्तरी हिस्से में पिछले कई वर्षों से आतंकी गतिविधियों और सशस्त्र समूहों की वजह से गंभीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। ताजा हमले ने एक बार फिर देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
