7 हजार की सैलरी, 2 करोड़ का GST नोटिस! सिद्धार्थनगर के टीचर के नाम पर फर्जी कंपनियां, PAN से हुआ खेला

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक को करीब 2 करोड़ रुपये के जीएसटी बकाये का नोटिस मिला है। मामूली आमदनी वाले शिक्षक के नाम पर करोड़ों का कारोबार दिखाए जाने से हर कोई हैरान है।

क्या है पूरा मामला?
मामला सिद्धार्थनगर जिले की डुमरियागंज तहसील के भरवाठिया मुस्तकहम गांव का है। यहां के निवासी ओम प्रकाश वर्मा एक निजी शिक्षक हैं और महीने में लगभग 6 से 7 हजार रुपये कमाते हैं। 10 फरवरी को उन्हें डाक के जरिए एक सरकारी नोटिस मिला। नोटिस में 1,99,42,313 रुपये (करीब 2 करोड़) का जीएसटी बकाया चुकाने को कहा गया था।

इतनी बड़ी रकम देखकर ओम प्रकाश के होश उड़ गए। उनका कहना है कि उन्होंने कभी कोई व्यापार नहीं किया और न ही किसी कंपनी का संचालन किया है।

PAN कार्ड के जरिए रचा गया फर्जीवाड़ा
घबराए ओम प्रकाश ने संबंधित विभाग और पुलिस से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि किसी जालसाज ने उनके PAN कार्ड का दुरुपयोग कर उनके नाम पर दो फर्में रजिस्टर करा दीं।

  • ओम ट्रेडर्स – नई दिल्ली में रजिस्टर्ड
  • वर्मा इंटरप्राइजेज – फर्रुखाबाद (यूपी) में रजिस्टर्ड

दस्तावेजों के अनुसार दिल्ली स्थित ‘ओम ट्रेडर्स’ के नाम पर पिछले साल 11 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार दिखाया गया। इसी लेन-देन पर जीएसटी बकाया होने के कारण विभाग की ओर से नोटिस असली पैन धारक ओम प्रकाश को भेज दिया गया।

‘मैं गरीब आदमी हूं, मुझे फंसाया जा रहा है’
ओम प्रकाश वर्मा का कहना है कि उन्हें पता ही नहीं चला कि कब और कैसे उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी कंपनियां बना दी गईं। उन्होंने कहा, “मैं एक गरीब आदमी हूं। इतनी बड़ी रकम तो मैंने सपने में भी नहीं देखी। मुझे बेवजह फंसाया जा रहा है।”

पीड़ित ने डुमरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है और नौगढ़ स्थित टैक्स कमिश्नर कार्यालय में भी गुहार लगाई है।

जांच में जुटे अधिकारी
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यह आशंका जताई जा रही है कि किसी संगठित गिरोह ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए कंपनियां बनाकर बड़े स्तर पर कर चोरी की है। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

यह मामला एक बार फिर डिजिटल दस्तावेजों और पैन कार्ड के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Related posts