लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने राजधानी में मेट्रो टिकटिंग सिस्टम को अपग्रेड करते हुए क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग सेवा शुरू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब यात्री घर बैठे टिकट बुक कर सकेंगे और स्टेशन पर सीधे स्कैन कर सफर शुरू कर पाएंगे।
पहले यात्री बने वत्सल बरन, हजरतगंज स्टेशन से की यात्रा शुरू
नई व्यवस्था के तहत सोमवार को वत्सल बरन पहले यात्री बने, जिन्होंने क्यूआर कोड टिकट के जरिए यात्रा की। उन्होंने हजरतगंज मेट्रो स्टेशन से चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के लिए टोकन की जगह क्यूआर कोड वाला पेपर टिकट लिया। इस टिकट को विशेष रूप से बनाए गए गेट पर स्कैन कर उन्होंने अपनी यात्रा शुरू की।
दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर सिस्टम अपग्रेड
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर इस नई टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ किया। क्यूआर कोड टिकट को स्कैन करने के लिए लगाए गए ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। इन गेटों पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड को स्कैन करने की सुविधा भी दी जाएगी। मेट्रो प्रशासन का लक्ष्य 15 मार्च तक एनसीएमसी कार्ड से यात्रा की सुविधा शुरू करना है, जिससे देश के कई शहरों की मेट्रो में एक ही कार्ड से यात्रा संभव हो सकेगी।
नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर रोजाना 80 हजार यात्री करते हैं सफर
मेट्रो प्रशासन के अनुसार चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया तक संचालित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब 80 हजार यात्री सफर करते हैं। लखनऊ मेट्रो के ट्रैवल कार्ड करीब 1.25 लाख यात्रियों के पास हैं, जिनमें से लगभग 60 हजार कार्ड सक्रिय हैं। क्यूआर कोड टिकटिंग सेवा शुरू होने के पहले ही दिन करीब 15 हजार यात्रियों ने इस सुविधा का उपयोग किया। इनमें सबसे अधिक यात्री कृष्णानगर, सिंगारनगर और हजरतगंज मेट्रो स्टेशन से यात्रा करने वाले रहे।
मोबाइल ऐप से घर बैठे बुक करें टिकट
यात्री अब प्ले स्टोर और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध लखनऊ मेट्रो के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट बुक होने के बाद मोबाइल फोन पर ही क्यूआर कोड उपलब्ध होगा। स्टेशन पर प्रवेश और निकास के दौरान पीली पट्टी से चिन्हित ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन गेट पर इसे स्कैन कर यात्रा की जा सकेगी। इसके अलावा टिकट वेंडिंग मशीन और टिकट काउंटर से भी क्यूआर टिकट प्राप्त किया जा सकता है। मेट्रो प्रशासन ने सभी स्टेशनों पर नई क्यूआर स्कैनिंग टिकट वेंडिंग मशीनें भी स्थापित कर दी हैं।
देशभर में स्मार्ट ट्रैवल को मिलेगा बढ़ावा
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक के अनुसार यह नई व्यवस्था ‘स्मार्ट ट्रैवल’ की अवधारणा पर आधारित है। उन्होंने बताया कि कानपुर और आगरा की तरह जल्द ही लखनऊ में भी एनसीएमसी कार्ड सुविधा पूरी तरह लागू की जाएगी, जिससे यात्री देश के उन शहरों में भी आसानी से यात्रा कर सकेंगे, जहां यह सुविधा पहले से उपलब्ध है।
