PM Modi Noida Visit: आज नोएडा में हाई अलर्ट, सुबह 7 से रात 11 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को नोएडा दौरे को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के मद्देनज़र पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जो सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा, जबकि इमरजेंसी सेवाओं के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

मेरठ-गाजियाबाद से आने वालों के लिए बदला रूट

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेरठ और गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए भेजा जाएगा। ये वाहन सिरसा टोल से बाहर निकलकर तय गोलचक्करों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। इनके लिए पार्किंग ज़ोन P-07 (मेरठ) और P-06 (गाजियाबाद) निर्धारित किए गए हैं।

मथुरा-अलीगढ़ रूट के लिए अलग व्यवस्था

यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले वाहनों को जेवर कट से बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद सबौता अंडरपास और किशोरपुर गेट के जरिए एंट्री दी जाएगी। इन वाहनों के लिए P-05, P-09 और P-11 पार्किंग ज़ोन तय किए गए हैं।

हापुड़-बुलंदशहर से आने वाले वाहन ऐसे पहुंचेंगे

हापुड़, बुलंदशहर और आसपास के इलाकों से आने वाले वाहनों को जेवर-खुर्जा रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन परोही गेट से प्रवेश करेंगे और इनके लिए P-13 व P-14 पार्किंग ज़ोन निर्धारित किए गए हैं।

वीआईपी, मीडिया और कर्मचारियों के लिए खास इंतज़ाम

कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथि यमुना एक्सप्रेसवे के विशेष इंटरचेंज से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे और P-01, P-02 व P-03 में पार्किंग करेंगे। मीडियाकर्मियों के लिए किशोरपुर गेट से एंट्री दी जाएगी और उनकी पार्किंग P-08 में तय की गई है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों के लिए भी यही मार्ग रहेगा, जिनकी पार्किंग P-10 में होगी। सरकारी बसों को दयानंतपुर रूट से भेजकर P-15 में खड़ा किया जाएगा।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा रूट पर डायवर्जन

नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वाले यात्रियों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से डायवर्ट कर सर्विस रोड और तय गोलचक्करों के जरिए रानेहरा पुलिस चौकी के पास अस्थायी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। इनके लिए मुख्य पार्किंग P-07 निर्धारित है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट से आने वालों को परी चौक के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि दनकौर क्षेत्र से आने वाले वाहन सर्विस रोड और नहर मार्ग का उपयोग करेंगे।

दोपहिया और स्थानीय वाहनों के लिए निर्देश

दोपहिया और हल्के मोटर वाहनों को किशोरपुर गेट से प्रवेश मिलेगा, जहां उनके लिए P-04 पार्किंग तय की गई है। जेवर शहर से आने वाले वाहन भी इसी गेट का उपयोग करेंगे और P-12 में पार्किंग करेंगे।

कमर्शियल वाहनों पर भी असर

जेवर-टप्पल मार्ग पर चलने वाले व्यावसायिक वाहनों को टप्पल की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, खुर्जा से जेवर की ओर आने वाले वाहनों को खुर्जा में ही रोककर वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे तय किए गए मार्गों का पालन करें और कार्यक्रम स्थल के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Related posts