भारत में एसयूवी सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय गाड़ियों में से एक महिंद्रा थार की मांग लगातार बढ़ रही है। दमदार लुक और ऑफ-रोड क्षमता की वजह से यह युवाओं के साथ-साथ अब हर आयु वर्ग के लोगों की पसंद बन चुकी है। सड़कों पर भी थार की संख्या तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है। अगर आप भी महिंद्रा थार खरीदने का सपना देख रहे हैं और कार लोन तथा ईएमआई को लेकर असमंजस में हैं, तो यहां समझिए कि इसके लिए आपकी सैलरी कितनी होनी चाहिए और हर महीने लगभग कितनी ईएमआई देनी पड़ सकती है।
कार लोन के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी
भारत में कार लोन आमतौर पर करीब 8.5 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक की ब्याज दरों पर उपलब्ध होता है। ज्यादातर बैंक कार लोन देने के लिए कम से कम 3 लाख रुपये सालाना आय यानी लगभग 25,000 रुपये मासिक सैलरी की शर्त रखते हैं।
बैंक आमतौर पर ग्राहक की मासिक आय के लगभग 48 गुना तक लोन देने की क्षमता रखते हैं। उदाहरण के तौर पर यदि आपकी मासिक सैलरी 50,000 रुपये है, तो इस हिसाब से आपको करीब 24 लाख रुपये तक का कार लोन मिल सकता है। इसी वजह से थार जैसी एसयूवी खरीदने के लिए 50 हजार रुपये के आसपास की मासिक आय को व्यावहारिक माना जाता है।
थार की कीमत और संभावित ईएमआई
महिंद्रा थार की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 9.99 लाख रुपये से शुरू होकर 17.19 लाख रुपये तक जाती है। वहीं दिल्ली में इसका ऑन-रोड प्राइस करीब 12 लाख रुपये से लेकर लगभग 21.20 लाख रुपये तक पहुंच जाता है।
अगर आप थार का टॉप मॉडल खरीदना चाहते हैं जिसकी ऑन-रोड कीमत करीब 21.20 लाख रुपये है और आप लगभग 5 लाख रुपये की डाउन पेमेंट करते हैं, तो आपको करीब 16.20 लाख रुपये का कार लोन लेना पड़ सकता है।
मान लीजिए कि आपको यह लोन करीब 8.5 प्रतिशत की ब्याज दर पर 5 साल के लिए मिलता है, तो ऐसे में आपको हर महीने लगभग 33,852 रुपये की ईएमआई चुकानी पड़ सकती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि थार खरीदने से पहले अपनी आय और मासिक बजट का संतुलन समझना जरूरी है।
