अब AI से लैस होंगे बागपत के युवा, कोडिंग से मशीन लर्निंग तक सिखाएगा कौशल विकास मिशन

बागपत। बागपत जिले के युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए जिला प्रशासन की पहल पर मिशन निदेशक से औपचारिक रूप से लक्ष्य आवंटन की मांग की गई है। लक्ष्य स्वीकृत होते ही युवाओं को कोडिंग, डेटा एनालिसिस, मशीन लर्निंग और समस्या-समाधान जैसे आधुनिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

डीएम के निर्देश पर भेजा गया प्रस्ताव
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक परवेज खान ने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में बागपत जिले में एआई आधारित कौशल विकास कार्यक्रम संचालित करने और इसके लिए आवश्यक लक्ष्य आवंटित करने का अनुरोध किया गया है।

पहले चरण में 2000 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रस्ताव के अनुसार, लक्ष्य मिलने पर जिले में विशेष कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पहले चरण में करीब दो हजार युवाओं को एआई से जुड़ा प्रशिक्षण देने की योजना है। इसके तहत युवाओं को कोडिंग, डेटा विश्लेषण, मशीन लर्निंग, क्रिटिकल थिंकिंग और समस्या-समाधान जैसे स्किल्स सिखाए जाएंगे, जिससे वे भविष्य के रोजगार बाजार के लिए तैयार हो सकें।

रचनात्मकता और रोजगार दोनों को मिलेगा बढ़ावा
एआई आधारित प्रशिक्षण से युवाओं की रचनात्मक क्षमता भी निखरेगी। कला, डिजाइन, संगीत, लेखन और डिजिटल इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे। प्रशासन का मानना है कि एआई स्किल्स से लैस युवा न सिर्फ मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार हासिल कर सकेंगे, बल्कि स्टार्टअप शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ेंगे।

भविष्य की जरूरतों पर सरकार का फोकस
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में एआई आधारित टैलेंट की मांग तेजी से बढ़ने वाली है। केंद्र सरकार के बजट में भी एआई आधारित खेती और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में एआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार की राह और आसान होगी।

बागपत में पहली बार मिलेगा AI का क्लासरूम अनुभव
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो बागपत जिले में यह पहला मौका होगा जब युवाओं को कक्षा के माध्यम से एआई का व्यवस्थित प्रशिक्षण मिलेगा। इससे जिले के युवा तकनीकी रूप से सशक्त बनेंगे और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।

अधिकारियों का बयान
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य परवेज खान ने बताया कि जिले में पहली बार एआई आधारित कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने के लिए निदेशक से लक्ष्य की मांग की गई है। लक्ष्य मिलने के बाद युवाओं को एआई प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

Related posts