मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी चर्चित फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक शूटिंग शुरू होने से पहले रणवीर सिंह ने फिल्म निर्माताओं के सामने कुछ शर्तें रखीं, जिन्हें मानने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद अभिनेता ने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया। इसी विवाद के बीच FWICE की ओर से रणवीर सिंह को असहयोग नोटिस जारी किए जाने की खबर ने मामला और गर्मा दिया।
हालांकि रणवीर सिंह पहले ऐसे अभिनेता नहीं हैं जिन्होंने किसी बड़ी फिल्म से अचानक किनारा किया हो। इससे पहले भी बॉलीवुड के कई बड़े सितारे अलग-अलग कारणों से चर्चित फिल्मों को छोड़ चुके हैं। इनमें सलमान खान, शाहरुख खान, ऋतिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर जैसे नाम शामिल हैं।
सलमान खान ने छोड़ दी थी संजय लीला भंसाली की फिल्म
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भी उन कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने बड़ी फिल्म से अचानक दूरी बना ली थी। सलमान खान निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘इंशाल्लाह’ में नजर आने वाले थे। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट को कास्ट किया गया था।
हालांकि बाद में सलमान खान ने फिल्म करने से इनकार कर दिया और प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर दोनों के बीच मतभेद सामने आए थे।
शाहरुख खान ने छोड़ी थी ‘रोबोट’
बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान भी एक समय फिल्म ‘रोबोट’ का हिस्सा बनने वाले थे। शुरुआती दौर में वह इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले थे, लेकिन बाद में उन्होंने किसी कारणवश फिल्म छोड़ दी।
इसके बाद फिल्म में रजनीकांत की एंट्री हुई और रिलीज के बाद यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई। आज भी यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जाती है।
ऋतिक रोशन ने भी किया था फिल्म से किनारा
अभिनेता ऋतिक रोशन ने करण मल्होत्रा की फिल्म ‘शुद्धि’ साइन की थी। फिल्म को लेकर काफी चर्चा भी हुई थी, लेकिन बाद में ऋतिक रोशन ने इस प्रोजेक्ट से खुद को अलग कर लिया।
हालांकि अभिनेता ने फिल्म छोड़ने के पीछे की वजह को लेकर ज्यादा सार्वजनिक बयान नहीं दिया था।
दीपिका पादुकोण ने लगातार छोड़ीं दो बड़ी फिल्में
बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी फिल्मों से बाहर होने को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक दीपिका ने ‘कल्कि पार्ट 2’ से दूरी बना ली, जबकि पहले भाग में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
इसके अलावा संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर भी उनका नाम चर्चा में था। इस फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आने वाले थे, लेकिन बाद में दीपिका ने फिल्म छोड़ दी। इन फैसलों के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा।
प्रियंका चोपड़ा ने ‘भारत’ से किया था किनारा
प्रियंका चोपड़ा फिल्म ‘भारत’ के जरिए बॉलीवुड में वापसी करने वाली थीं। उन्होंने फिल्म साइन भी कर ली थी, लेकिन शूटिंग शुरू होने से पहले उन्होंने अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया।
इसके बाद फिल्म में उनकी जगह कैटरीना कैफ को लिया गया। प्रियंका के इस फैसले ने उस समय फिल्म इंडस्ट्री में काफी चर्चा बटोरी थी।
करीना कपूर ने बीच में छोड़ी थी ऋतिक की डेब्यू फिल्म
करीना कपूर भी एक बड़ी फिल्म छोड़ने को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। वह ऋतिक रोशन की डेब्यू फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ में लीड रोल निभाने वाली थीं और कुछ दृश्यों की शूटिंग भी कर चुकी थीं।
हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक करीना की मां बबीता और निर्देशक राकेश रोशन के बीच मतभेद होने के बाद अभिनेत्री ने फिल्म छोड़ दी। बाद में इस फिल्म में अमीषा पटेल को कास्ट किया गया और फिल्म बड़ी हिट साबित हुई।
रणवीर सिंह के फैसले ने फिर छेड़ी पुरानी बहस
रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ छोड़ने की खबर के बाद एक बार फिर बॉलीवुड में सितारों द्वारा फिल्में छोड़ने के पुराने मामलों की चर्चा तेज हो गई है। फिल्म इंडस्ट्री में स्क्रिप्ट, फीस, डेट्स और क्रिएटिव मतभेदों की वजह से कई बड़े कलाकार चर्चित प्रोजेक्ट्स से किनारा करते रहे हैं।
हालांकि कई बार कलाकारों के फिल्म छोड़ने के बाद वही प्रोजेक्ट किसी दूसरे स्टार के साथ बड़ी सफलता भी हासिल कर चुके हैं।
