नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी बयान में बताया गया है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि 45 वर्षीय नितिन नबीन सिन्हा, मौजूदा बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं। कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नबीन भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं। नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट से चार बार से विधायक हैं।
यह भी पढ़ें : सिडनी के बॉन्डी बीच बीच पर यहूदी समुदाय के उत्सव में गोलीबारी, 12 लोगों की मौत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर नितिन नबीन को बधाई देते हुए लिखा, “बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।”
नितिन नबीन सोमवार को पहुंचेंगे दिल्ली, मुख्यालय में होगा भव्य स्वागत
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार सुबह 10 बजे नई दिल्ली टर्मिनल 2 पहुंचेंगे, जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
रविवार को भाजपा कार्यालय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नितिन नबीन सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कार्यकर्ता करेंगे। इसके बाद नबीन पूर्वाह्न 11 बजे भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय 6ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पहुंचेंगे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जायेगा।
यह भी पढ़ें : पंकज चौधरी के नेतृत्व में विपक्षी दलों से लड़ना होगा : योगी आदित्यनाथ
