New Aadhaar App: अब आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं! घर बैठे करें मोबाइल नंबर-पता अपडेट, जानें नए फीचर्स और पूरा तरीका

आधार से जुड़े कामों के लिए बार-बार सेंटर के चक्कर लगाने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार यूजर्स के लिए एक नया और आधुनिक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप पुराने mAadhaar का अपग्रेडेड वर्जन है, जिसे सुविधा, डेटा सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। अब यह ऐप सिर्फ डिजिटल आधार दिखाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक डिजिटल पहचान वॉलेट की तरह काम करेगा।

डिजिटल डेटा सुरक्षा कानून के अनुरूप तैयार
नया आधार ऐप डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन कानून के सिद्धांतों के मुताबिक डिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य उपयोगकर्ताओं की निजी जानकारी को अधिकतम सुरक्षा देना है। ऐप में कई उन्नत फीचर्स जोड़े गए हैं, जिससे आधार से जुड़े काम पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान हो गए हैं।

एक ही फोन में पूरे परिवार का आधार प्रोफाइल
इस ऐप की बड़ी खासियत यह है कि एक ही स्मार्टफोन में परिवार के पांच सदस्यों तक के आधार प्रोफाइल जोड़े और मैनेज किए जा सकते हैं। पहले हर सदस्य को अलग-अलग मोबाइल में ऐप रखना पड़ता था, लेकिन अब ‘वन फैमिली, वन ऐप’ की सुविधा मिल गई है। इससे बुजुर्गों और बच्चों के दस्तावेज संभालना आसान होगा।

घर बैठे मोबाइल नंबर और पता अपडेट
अब मोबाइल नंबर बदलवाने या पता अपडेट कराने के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए घर बैठे ही ये बदलाव किए जा सकते हैं। इसके लिए लगभग 75 रुपये का मामूली शुल्क तय किया गया है। लंबी कतारों और समय की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए यह सुविधा बेहद राहतभरी साबित होगी।

सिर्फ जरूरत भर की जानकारी करें शेयर
ऐप में सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग का फीचर दिया गया है। अब आपको हर जगह पूरा 12 अंकों का आधार नंबर बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप चाहें तो सिर्फ फोटो या उम्र जैसी सीमित जानकारी ही साझा कर सकते हैं। इससे डेटा के दुरुपयोग की आशंका काफी कम हो जाती है।

बिना इंटरनेट भी काम करेगा ऐप
नया आधार ऐप ऑफलाइन मोड में भी काम करता है। इसमें सुरक्षित क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है, जिसे बिना इंटरनेट के स्कैन किया जा सकता है। किसी संस्था को पहचान सत्यापित करनी हो तो वह क्यूआर कोड स्कैन कर सकती है, बिना आपका आधार नंबर सार्वजनिक किए।

बायोमेट्रिक डेटा पर यूजर का पूरा कंट्रोल
सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए वन-क्लिक बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक की सुविधा दी गई है। यूजर अपने फिंगरप्रिंट और आईरिस डेटा को जब चाहें लॉक कर सकते हैं। इससे अनधिकृत इस्तेमाल की संभावना लगभग खत्म हो जाती है।

फोटोकॉपी से मुक्ति, समय और पैसे की बचत
होटल, एयरपोर्ट या अन्य जगहों पर अब आधार की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डिजिटल शेयरिंग, मास्क्ड आधार और वर्चुअल आईडी जैसी सुविधाएं डेटा लीक के खतरे को कम करती हैं। पता बदलना या मोबाइल नंबर लिंक कराना जैसे काम अब मिनटों में पूरे किए जा सकते हैं।

ऐसे करें नए ऐप की शुरुआत
नया आधार ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। लॉग-इन के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। इसके बाद चार अंकों का एमपिन सेट करें और चाहें तो फेस या बायोमेट्रिक लॉक एक्टिवेट करें। ‘माय आधार’ सेक्शन में जाकर अपना और परिवार के अन्य सदस्यों का प्रोफाइल जोड़ा जा सकता है।

Related posts