बाराबंकी: लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। चौबीसी क्षेत्र के पास ट्रक और ट्रेलर की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के चलते हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
पीछे से टक्कर के बाद आग का गोला बने वाहन
पुलिस के मुताबिक मुर्गी दाना लेकर जा रहे एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगे।
ट्रेलर में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत
बताया गया है कि ट्रेलर में चालक समेत चार लोग मौजूद थे। आग की चपेट में आने से चालक और एक अन्य व्यक्ति बाहर नहीं निकल सके, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान वाहन में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया।
एक शव मुर्गी दाने के नीचे दबा मिला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार (40) निवासी नयाखेड़ा, थाना निगोहा को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद एक शव मुर्गी दाने के नीचे दबा मिला, जिसे कई घंटे की मशक्कत के बाद बरामद किया गया।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग में झुलसकर जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायलों का इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
