‘कोहिनूर हीरा भारत को लौटाया जाना चाहिए’, न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी का बड़ा बयान; किंग चार्ल्स-III से बातचीत की कही बात

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कोहिनूर हीरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यदि उन्हें ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-III से अलग से बातचीत का मौका मिला तो वह उन्हें कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने के लिए सहमत करने की कोशिश करेंगे। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर कोहिनूर की वापसी का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय चर्चा में आ गया है।

किंग चार्ल्स-III इन दिनों अपनी पत्नी महारानी कैमिला के साथ अमेरिका के राजकीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन दोनों न्यूयॉर्क पहुंचे, जहां कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया बड़ा बयान

न्यूयॉर्क में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान जोहरान ममदानी से पूछा गया कि वह किंग चार्ल्स-III से मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके जवाब में उन्होंने कहा, “अगर मुझे महाराजा से अलग से बात करने का मौका मिलता है, तो मैं संभवतः उन्हें कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने के लिए सहमत करने की कोशिश करूंगा।”

हालांकि बाद में 9/11 स्मारक पर हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे पर कोई बातचीत हुई या नहीं, इसे लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

9/11 स्मारक पर पहुंचे किंग चार्ल्स और कैमिला

न्यूयॉर्क दौरे के दौरान किंग चार्ल्स-III और महारानी कैमिला ने 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। दोनों ने 9/11 स्मारक पहुंचकर पीड़ितों को याद किया।

इससे पहले किंग चार्ल्स ने अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को भी संबोधित किया था। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने व्हाइट हाउस में उनके सम्मान में राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया।

राजकीय कार्यक्रमों के अलावा किंग चार्ल्स और महारानी कैमिला ने न्यूयॉर्क के अपर मैनहट्टन स्थित ‘हार्लेम ग्रोन’ परियोजना का भी दौरा किया, जो बच्चों और परिवारों के समर्थन के लिए शहरी कृषि कार्यक्रम चलाती है।

क्या है कोहिनूर हीरे का इतिहास?

कोहिनूर दुनिया के सबसे चर्चित हीरों में गिना जाता है। 105.6 कैरेट का यह हीरा वर्ष 1849 में सिख साम्राज्य के अंतिम शासक महाराजा दलीप सिंह द्वारा ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया को सौंपा गया था।

बाद में इसे ब्रिटिश शाही मुकुट का हिस्सा बनाया गया। वर्ष 1937 में महारानी एलिजाबेथ प्रथम के मुकुट में इसे जड़वाया गया था। वर्तमान में यह हीरा लंदन टावर में रखा गया है।

इतिहासकारों के मुताबिक, कोहिनूर पर अलग-अलग दौर में मुगल शासकों, ईरान के शाह, अफगान अमीरों और सिख महाराजाओं का अधिकार रहा है।

भारत लंबे समय से उठा रहा है मुद्दा

भारत समय-समय पर ब्रिटेन के सामने कोहिनूर हीरे की वापसी का मुद्दा उठाता रहा है। भारत सरकार का कहना है कि वह इस मामले के संतोषजनक समाधान के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

कोहिनूर को भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जिसकी वापसी की मांग वर्षों से होती रही है।

कौन हैं जोहरान ममदानी?

34 वर्षीय जोहरान ममदानी भारतीय मूल के अमेरिकी राजनेता हैं। वह मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं।

वह न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम और पहले भारतवंशी मेयर बने हैं। उनके इस बयान को भारतीय मूल के समुदाय के बीच भी काफी चर्चा मिल रही है।

Related posts