लखनऊ से टोक्यो तक अपने सख्त खान-पान नियमों के लिए पहचाने जाने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath जापान दौरे पर भी उसी अनुशासन का पालन करेंगे। विदेश यात्रा के बावजूद उनके लिए बिना लहसुन-प्याज वाला शुद्ध शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा। इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि उनके दैनिक आहार नियमों में कोई बदलाव न हो।
जापान में तैयार होगा खास शाकाहारी नाश्ता
मुख्यमंत्री के लिए जापान में विशेष शुद्ध शाकाहारी नाश्ते की व्यवस्था की गई है। उनके मेन्यू में पारंपरिक जापानी ‘मिसो सूप’ शामिल रहेगा। इसके साथ ही जापानी ‘टोफू’ को भी प्रमुखता दी गई है, जिसे उनकी पसंद माना जा रहा है। उबली हुई सब्जियां और सोया दूध भी भोजन का हिस्सा होंगे। पूरे दौरे के दौरान उन्हें सादा और सात्विक भोजन ही परोसा जाएगा।
सुबह हर्बल चाय से होगी दिन की शुरुआत
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुबह हर्बल चाय या गर्म पानी का सेवन करेंगे। जापानी शेफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भोजन पूरी तरह शाकाहारी और बिना प्याज-लहसुन का हो। भारतीय दूतावास ने भी उनकी भोजन संबंधी पसंद और नियमों का विशेष ध्यान रखा है।
टोक्यो पहुंचने पर भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचने पर बुधवार को उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यामानाशी प्रीफेक्चर के वाइस गवर्नर जुनिची इशिडेरा और अनिवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया। जापान में भारत की एम्बेसडर नगमा एम. मलिक ने भी उनका स्वागत किया, जिसकी जानकारी भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच X पर साझा की।
निवेश और औद्योगिक सहयोग पर फोकस
मुख्यमंत्री की यह पहली जापान यात्रा है और इसका मुख्य उद्देश्य निवेश आकर्षित करना तथा औद्योगिक सहयोग को नई मजबूती देना है। इससे पहले सिंगापुर दौरे के दौरान उनके नेतृत्व में राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने लगभग 6000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव हासिल किए थे। अधिकारियों के मुताबिक, इन अंतरराष्ट्रीय यात्राओं का लक्ष्य रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को गहरा करना और उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
