आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के पहले ही मुकाबले ने इतिहास बदल दिया। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च को खेले जा रहे मैच में एक ऐसा सिलसिला टूट गया, जिस पर सालों से CSK की पहचान टिकी हुई थी। टॉस के बाद जैसे ही प्लेइंग इलेवन सामने आई, फैंस के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो गया।
277 मैचों बाद टूटा ऐतिहासिक सिलसिला
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में बिना महेंद्र सिंह धोनी के मैदान में उतरी। यही नहीं, टीम में सुरेश रैना भी शामिल नहीं थे। ऐसे में यह पहली बार हुआ जब CSK की प्लेइंग इलेवन में इन दोनों दिग्गजों में से कोई भी खिलाड़ी मौजूद नहीं था।
यह सिलसिला पिछले 277 मैचों से लगातार जारी था, जिसमें टीम में या तो धोनी, या रैना, या फिर दोनों खिलाड़ी शामिल रहते थे। CSK ने आईपीएल में 253 और चैंपियंस लीग टी20 में 24 मुकाबले खेले हैं, जिनमें यह परंपरा कायम रही थी।
धोनी की गैरमौजूदगी की वजह आई सामने
महेंद्र सिंह धोनी इस मैच में चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। पिंडली में चोट की वजह से उन्हें आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों के लिए आराम दिया गया है। वहीं सुरेश रैना पहले ही 2022 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं।
गायकवाड़ के नेतृत्व में नए दौर की शुरुआत
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यह मुकाबला ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में CSK के लिए एक नए युग की शुरुआत भी माना जा रहा है। टीम में कई युवा और आक्रामक खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।
धोनी-रैना के आंकड़े बताते हैं उनकी विरासत
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं सुरेश रैना भी लीग के दिग्गज बल्लेबाजों में गिने जाते हैं, जिन्होंने 5528 रन बनाए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैथ्यू शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, खलील अहमद।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रजेश शर्मा।
