यूपी में पेट्रोल 100 के करीब, डीजल 90 रुपये के पार; तेल कीमतों ने बढ़ाई आम आदमी की चिंता

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी ने आम लोगों की जेब पर सीधा असर डाला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है, जबकि डीजल 90 रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

करीब चार साल बाद पहली बार ईंधन की कीमतों में इतनी बड़ी एकमुश्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम आदमी से लेकर ट्रांसपोर्ट सेक्टर तक चिंता बढ़ गई है।

कच्चे तेल में उछाल बना बड़ी वजह

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के चलते वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इसके बाद भारतीय तेल कंपनियों ने बढ़ते घाटे का असर उपभोक्ताओं तक पहुंचाना शुरू कर दिया है।

राज्य में वैट और ट्रांसपोर्टेशन लागत अलग-अलग होने की वजह से शहरों के हिसाब से कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के नए रेट

लखनऊ में पेट्रोल 94.69 रुपये से बढ़कर 97.69 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 87.76 रुपये से बढ़कर 90.76 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।

नोएडा में पेट्रोल 98.24 रुपये और डीजल 91.19 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। गाजियाबाद में पेट्रोल 97.89 रुपये और डीजल 90.81 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

प्रयागराज में पेट्रोल 98.24 रुपये और डीजल 91.15 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वाराणसी में पेट्रोल 98.07 रुपये और डीजल 91.17 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया।

गोरखपुर में पेट्रोल 98.15 रुपये और डीजल 91.15 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं आगरा में पेट्रोल 97.41 रुपये और डीजल 90.51 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

कानपुर में पेट्रोल 97.44 रुपये और डीजल 90.51 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। मेरठ में पेट्रोल 97.47 रुपये और डीजल 90.49 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया।

मुरादाबाद में पेट्रोल 97.95 रुपये और डीजल 91.18 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि बरेली में पेट्रोल 97.92 रुपये और डीजल 91.06 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

महंगाई बढ़ने की आशंका

ईंधन की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर आने वाले दिनों में रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी देखने को मिल सकता है। डीजल महंगा होने से माल ढुलाई और परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे फल, सब्जी, दूध और अन्य जरूरी सामानों के दामों में भी उछाल आने की आशंका जताई जा रही है।

पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये प्रति लीटर के बेहद करीब पहुंचने से मध्यम वर्ग की चिंता और बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है।

Related posts