देवरिया में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने स्कूल निरीक्षण के दौरान बच्चों को खुद पढ़ाया, क्लासरूम में चाक-डस्टर लेकर निभाई शिक्षक की भूमिका

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में शनिवार सुबह जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी अचानक स्कूलों के निरीक्षण पर पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान वह केवल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में नहीं बल्कि एक शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। कक्षा में उन्होंने चाक और डस्टर उठाकर बच्चों को पढ़ाया, गणित के सवाल पूछे और अंग्रेजी की किताब भी पढ़वाई। डीएम के इस अंदाज से छात्र बेहद उत्साहित नजर आए और बच्चों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।

क्लासरूम में डीएम ने बच्चों से पूछे सवाल, पढ़ाई की गुणवत्ता पर जताई संतुष्टि

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी देवरिया सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दानोपुर और जूनियर हाई स्कूल बरडीहा लाल पहुंचे। वहां वह सीधे कक्षा में प्रवेश कर बच्चों से रूबरू हुए। शुरुआत में बच्चे उन्हें देखकर थोड़ा घबरा गए, लेकिन जैसे ही डीएम ने शिक्षक की तरह संवाद शुरू किया, माहौल पूरी तरह सहज और उत्साहपूर्ण हो गया।

डीएम ने बच्चों से गणित के सवाल पूछे, जिसका उन्होंने सही उत्तर दिया। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी की किताब पढ़वाई और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न भी पूछे। बच्चों ने भी बिना झिझक उनके सवालों का जवाब दिया। इस दौरान डीएम बच्चों के बौद्धिक स्तर से काफी संतुष्ट नजर आए।

पैरेंट्स मीटिंग और नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दोनों स्कूलों में शिक्षक पूरी निष्ठा से अध्यापन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाई जा रहे विषयों की जानकारी ली और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में बच्चों की कम संख्या को देखते हुए डीएम ने नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित पैरेंट्स मीटिंग आयोजित करने और अभिभावकों से संपर्क बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा सके।

शिक्षा से लेकर प्रशासन तक मजबूत रहा है मधुसूदन हुल्गी का सफर

मधुसूदन हुल्गी 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उनका जन्म 6 अप्रैल 1986 को हुआ था। उन्होंने आईआईटी से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया, इसके बाद भारतीय विज्ञान संस्थान बेंगलुरु से स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की और फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से लोक प्रबंधन में परास्नातक किया।

कई अहम पदों पर रह चुके हैं तैनात

मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले मधुसूदन हुल्गी ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत महोबा में सहायक मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने अयोध्या में संयुक्त मजिस्ट्रेट, सुलतानपुर और वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

दिसंबर 2022 में उन्हें सर्व शिक्षा अभियान में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक बनाया गया था। जून 2024 में वह कौशांबी के जिलाधिकारी बने। अक्टूबर 2025 में उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव और आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त नियुक्त किया गया था। 5 मई 2026 को उन्होंने देवरिया के जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया।

स्कूल में डीएम के इस अनोखे अंदाज की चर्चा पूरे जिले में

निरीक्षण के दौरान डीएम का यह शिक्षकों जैसा व्यवहार और बच्चों के साथ उनका संवाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। स्कूलों में उनके इस सरल और मिलनसार अंदाज की सराहना की जा रही है।

Related posts