आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार बस के उड़े परखच्चे, 48 यात्री थे सवार, 8 की हालत गंभीर

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। दिल्ली से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार निजी बस माइलस्टोन 94.200 के पास आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर जोरदार धमाका सुनाई दिया। बस में सवार 48 यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तड़के 3:10 बजे हुआ हादसा, झपकी बनी वजह
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 3:10 बजे की है। बस दिल्ली से 48 यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही थी। करहल थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 94.200 के पास पहुंचते ही बस आगे जा रहे अज्ञात वाहन से जा टकराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक बीपी सिंह, जो कासगंज का निवासी है, को झपकी लगने से बस अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महाराज सिंह भाटी एक्सप्रेसवे सुरक्षा कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। घायलों को तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज और सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया। एक्सप्रेसवे सुरक्षा अधिकारियों ने ट्रैफिक डायवर्ट कर आवागमन बहाल कराया और क्षतिग्रस्त बस को हटवाया।

एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मैनपुरी के एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्री
इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों में सुशील प्रसाद पुत्र शुभम प्रसाद निवासी भडरिया, थाना श्रीरामपुर, जनपद देवरिया; अरुण कुमार पुत्र सुभाष चंद्र निवासी मोहम्मदपुर, थाना टेपियरगंज, जनपद गोरखपुर; सुशील कुमार पुत्र शैलेंद्र सिंह निवासी ग्राम तकीपुर, थाना खैर, जनपद अलीगढ़ (हाल तैनाती कोतवाली अयोध्या); दीपक पुत्र श्यामलाल निवासी पतीला, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती; साधुशरण पुत्र भूटेलीराम निवासी पानर महुआ, थाना कटैया, जिला गोपालगंज, बिहार; मोनिका पत्नी अश्वनी निवासी गली नंबर 9, बुराड़ी, दिल्ली; अश्विनी पुत्र नेखपाल निवासी सरोवर, बुराड़ी, दिल्ली; और विशाल पांडेय पुत्र ध्रुव निवासी पेंटल मिलन गार्डन, दिल्ली शामिल हैं।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related posts