लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित “हुनर के रंग” कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सुल्तानपुर रोड स्थित होटल क्राउन प्लाजा में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन अदीरा – पिंक इज़ पावरफुल संस्था की ओर से किया गया, जहां साहित्य, संगीत, नृत्य और रंगमंच से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों और रचनात्मकता को मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कवयित्री डॉ. सरला शर्मा की प्रस्तुति ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी पंक्तियां — “तमाशा ख़ुद सरे बाज़ार मत बन, मुहब्बत कर मगर बीमार मत बन। तुझे हक़ है यक़ीनन मेरे दिल पर, हुकूमत कर मगर सरकार मत बन।” — ने सभागार में मौजूद श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया।
विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान
“हुनर के रंग” कार्यक्रम के तहत साहित्य, रंगमंच, नृत्य और संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कविता के क्षेत्र में डॉ. सरला शर्मा, शगुफ्ता अंजुम, रंगोली पंडित और प्रिया सिंह को सम्मान मिला। वहीं रंगमंच के क्षेत्र में मृदुला भारद्वाज, संध्या रस्तोगी, भानुमति सिंह, रोजी मिश्रा और अर्चना शुक्ला को सम्मानित किया गया।
नृत्य के क्षेत्र में सुरभि सिंह, डॉ. सुरभि शुक्ला, प्रसन्ना, सरिता सिंह और डॉ. रूचि खरे को सम्मान प्रदान किया गया। संगीत के क्षेत्र में कुसुम वर्मा, डॉ. अंजु भारती, संगीता श्रीवास्तव, संजोली पांडेय और आकांक्षा सिंह को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा अदिति श्रीवास्तव और अधिरा यादव को राइजिंग स्टार के रूप में विशेष सम्मान दिया गया।
स्पेशल अवॉर्ड्स से भी नवाजी गईं कई महिलाएं
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कई महिलाओं को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इनमें बोधिट्री इंडिया की फाउंडर नेहा आनंद, लखनऊ की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लवी मेहरोत्रा, यूपी सचिवालय में मैनेजमेंट ऑफिसर हर्षिता पांडेय, क्राउन प्लाजा की असिस्टेंट मार्केटिंग मैनेजर मुस्कान वर्मा, उद्गम वेलफेयर फाउंडेशन की प्रमुख रूपाली श्रीवास्तव और रेड ब्रिगेड लखनऊ की संस्थापिका ऊषा विश्वकर्मा शामिल रहीं।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाली पहल
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अमरेन फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता रेणुका टंडन रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है और आज महिलाएं अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात रेकी ग्रैंड मास्टर एवं स्पिरिचुअल हीलर गुरु सोहानी पांडेय, इंडियन इन्वेस्टर्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश स्टेट काउंसिल की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संगीता श्रीवास्तव और भागीरथ एंक्लेव की अध्यक्ष तथा सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पूजा सिंह को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विशेष सहयोग के लिए कॉरपोरेट लीडर आर.के. शरण और ग़ज़ल गायक मिथिलेश लखनवी को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डजेन हैंड्स मीडिया ग्रुप के सीएमडी राहुल वर्मा और अदीरा – पिंक इज़ पावरफुल की संस्थापिका रितिका चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों को मंच प्रदान करना है, ताकि समाज में उनकी रचनात्मक ऊर्जा और योगदान को उचित पहचान मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि “हुनर के रंग” जैसे आयोजन भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देते रहेंगे।
