CSK में 25 साल के डायने फॉरेस्टर की एंट्री, चोटिल जेमी ओवरटन की जगह टीम में शामिल

चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। इसके बाद CSK ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान करते हुए 25 वर्षीय दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी डायने फॉरेस्टर को टीम में शामिल कर लिया है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने डायने फॉरेस्टर को सीजन के बाकी मैचों के लिए 75 लाख रुपये में अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाया है। फॉरेस्टर हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में भी खेलते हुए नजर आए थे।

PSL 2026 में दिखा चुके हैं दम

डायने फॉरेस्टर हाल में समाप्त हुए पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन में रावलपिंडी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 6 मुकाबलों में 132 रन बनाए और साथ ही 2 विकेट भी हासिल किए। उनकी ऑलराउंड क्षमता को देखते हुए CSK ने उन्हें टीम में शामिल करने का फैसला लिया है।

फॉरेस्टर बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी भी करते हैं, जिससे चेन्नई सुपर किंग्स को टीम संतुलन में फायदा मिलने की उम्मीद है।

इंटरनेशनल क्रिकेट में इसी साल किया डेब्यू

दक्षिण अफ्रीका के लिए डायने फॉरेस्टर ने मार्च 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वह 5 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 83 रन बनाए हैं।

टी20 करियर की बात करें तो फॉरेस्टर ने अब तक 36 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 35.84 की औसत और 140.70 के स्ट्राइक रेट से 681 रन बनाए हैं। उनके नाम 2 अर्धशतक भी दर्ज हैं।

गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन उपयोगी रहा है। फॉरेस्टर ने टी20 क्रिकेट में अब तक 11 विकेट हासिल किए हैं।

प्लेऑफ की रेस में अभी भी बनी हुई है CSK

IPL 2026 का शुरुआती चरण चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ज्यादा अच्छा नहीं रहा था, लेकिन टीम ने बाद में शानदार वापसी करते हुए खुद को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखा है।

CSK ने अब तक 11 मुकाबले खेले हैं, जिनमें टीम को 6 में जीत और 5 में हार मिली है। 12 अंकों के साथ चेन्नई की टीम फिलहाल अंकतालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है।

टीम को अभी लीग स्टेज में तीन और मुकाबले खेलने हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का सामना 15 मई को लखनऊ सुपर जाएंट्स, 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और 21 मई को गुजरात टाइटंस से होगा।

Related posts