कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कई जिलों में हिंसा और राजनीतिक टकराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़पों ने कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है। इसी बीच देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हालात को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
मंगलवार को कोलकाता के न्यूटाउन इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना का आरोप टीएमसी समर्थकों पर लगाया गया है। हत्या के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पश्चिम बंगाल में बढ़ती हिंसा को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक को राज्य में लगातार निगरानी और गश्त सुनिश्चित करने को कहा है।
इसके अलावा सभी जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक और संबंधित पुलिस अधिकारियों को भी संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव आयोग ने अपनाई ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
चुनाव आयोग ने साफ कहा है कि चुनाव के बाद होने वाली किसी भी प्रकार की हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी, डीजीपी और केंद्रीय सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि राज्य में चुनावोत्तर हिंसा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
कई जिलों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं
राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कोलकाता के राजारहाट-न्यू टाउन क्षेत्र में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। वहीं कोलकाता के हॉग मार्केट इलाके में भी भारी बवाल हुआ, जहां टीएमसी कार्यालय को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
कोलकाता से सटे हावड़ा जिले के जगतबल्लभपुर इलाके में टीएमसी कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई। टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने वीडियो साझा करते हुए बीजेपी समर्थकों पर हमला और आगजनी कराने का आरोप लगाया है।
इसके अलावा जलपाईगुड़ी, साउथ 24 परगना और आसनसोल सहित कई जिलों में टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस और सुरक्षा बल लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से किया इनकार
विधानसभा चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि वह चुनाव नहीं हारी हैं, बल्कि उन्हें हराया गया है। ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ईवीएम में गड़बड़ी और “ईवीएम लूट” का आरोप लगाया है।
दूसरी ओर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें संविधान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
