चाइनीज मांझे पर CM योगी का सख्त एक्शन, मौत को माना हत्या समान, प्रदेशभर में चलेगा बड़ा अभियान

लखनऊ, 05 फरवरी। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि चाइनीज मांझे की वजह से किसी व्यक्ति की मौत होना सामान्य हादसा नहीं, बल्कि इसे हत्या के समान माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद बाजार में इसकी मौजूदगी कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने पुलिस और प्रशासन को प्रदेशव्यापी सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और परिवहन तीनों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

प्रदेशभर में टूटेगी चाइनीज मांझे की सप्लाई चेन

सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि अब केवल प्रतीकात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि जड़ से समस्या खत्म करने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से उन्होंने चाइनीज मांझे की पूरी आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के आदेश दिए हैं। प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि छापेमारी अभियान प्रभावी, निरंतर और परिणामोन्मुख होना चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर ढिलाई की गुंजाइश न रहे।

उच्चस्तरीय समीक्षा में होगी हर कार्रवाई की निगरानी

मुख्यमंत्री ने इस अभियान की नियमित उच्चस्तरीय समीक्षा के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि जन-सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। समीक्षा के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई दे।

आमजन और पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा है चाइनीज मांझा

सीएम योगी ने कहा कि चाइनीज मांझा सिर्फ कानूनन अपराध नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों, बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और पशु-पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश को इस खतरनाक और अवैध मांझे से पूरी तरह मुक्त किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Related posts