नई दिल्ली। अगर आप अक्सर वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए साउथ वेस्टर्न रेलवे (SWR) जोन की चार प्रमुख वंदे भारत ट्रेनों के समय में बदलाव का ऐलान किया है। यह नई समय सारणी 15 मार्च 2026 से लागू होगी।
यशवंतपुर-काचेगुड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और वापसी ट्रेन
सितंबर 2023 से परिचालित यशवंतपुर-काचेगुड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20704) अब हिंदूपुर स्टेशन पर दोपहर 12:08 के बजाय 12:17 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, काचेगुड़ा-यशवंतपुर वंदे भारत (ट्रेन नंबर 20703), जो सप्ताह में छह दिन चलती है, अब हिंदूपुर स्टेशन पर 15:48 के बजाय 15:55 बजे आएगी।
कलाबुरागी-SMVT बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस (22231)
कलाबुरागी से बेंगलुरु तक 550 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन के दो प्रमुख स्टेशनों पर समय में बदलाव हुआ है। 15 मार्च से यह ट्रेन श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर 11:00 बजे के बजाय 11:13 बजे पहुंचेगी। येलहंका स्टेशन पर इसका समय दोपहर 12:28 से बदलकर 12:58 बजे कर दिया गया है।
SMVT बेंगलुरु-कलाबुरागी वंदे भारत एक्सप्रेस (22232)
वापसी दिशा में चलने वाली ट्रेन नंबर 22232, जो गुरुवार को छोड़कर रोज चलती है, का नया शेड्यूल येलहंका स्टेशन पर दोपहर 15:05 के बजाय 15:09 बजे और श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर 16:23 के बजाय 16:45 बजे लागू होगा।
