लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। खासकर पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम खतरनाक रूप ले सकता है।
मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
इन जिलों में ओलावृष्टि और आंधी का खतरा
मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है।
इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया समेत कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रहेगा।
मुरादाबाद में दिन में छाया अंधेरा, थम गई रफ्तार
मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह अचानक मौसम बिगड़ गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया।
तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ। कम दृश्यता की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग रास्तों और दुकानों में रुकने को मजबूर हो गए।
हालांकि मौसम में आए इस बदलाव से भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन तेज अंधड़ ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
फसलों को नुकसान की आशंका, किसानों को चेतावनी
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक तेज हवाओं और ओलावृष्टि से गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है।
लोगों के लिए जारी हुई एडवाइजरी
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से घरों में रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहें।
साथ ही बिजली उपकरणों को अनप्लग रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है।
