कहीं आप भी तो नहीं खाने वाले हैं जहर! होली से पहले गोरखपुर में 14 बोरी संदिग्ध खोवा जब्त, बोलेरो में भरा था माल

होली के त्योहार से पहले मिलावट पर नकेल कसने के लिए प्रशासन सख्त मोड में नजर आ रहा है। गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 बोरी संदिग्ध खोवा जब्त किया है। बताया जा रहा है कि यह खेप बोलेरो गाड़ी में भरकर लाई जा रही थी।

अलर्ट मोड में खाद्य विभाग

होली को देखते हुए विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेन मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन टीमें सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

7 कुंतल बताया जा रहा जब्त खोया

कार्रवाई राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके में तड़के करीब 4 बजे की गई। वाहन चेकिंग के दौरान एक बोलेरो को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें से 14 बोरी खोवा बरामद हुआ। जब्त खोवा का वजन लगभग 7 कुंतल बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर पूरी खेप को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल

अधिकारियों के मुताबिक अब तक खोवा का मालिक सामने नहीं आया है। जैसे ही मालिक सामने आएगा, नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस और खाद्य विभाग का कहना है कि शासन के निर्देश पर और होली पर्व को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। मिर्जापुर क्षेत्र से जब्त लगभग 7 कुंतल खोवा के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मिलावटखोरों में हड़कंप

लगातार हो रही छापेमारी से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्राइवेट बस स्टैंड पर भी सघन चेकिंग अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related posts