OTP फ्रॉड पर लगेगा ब्रेक! एयरटेल ने लॉन्च किया AI-पावर्ड रियल-टाइम अलर्ट सिस्टम

देहरादून। देश में बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों के बीच टेलीकॉम कंपनी एयरटेल ने ग्राहकों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने स्पैम और धोखाधड़ी से निपटने के अपने अभियान के तहत नया एआई-पावर्ड फ्रॉड अलर्ट सिस्टम लॉन्च किया है, जो खासतौर पर ओटीपी आधारित बैंकिंग ठगी से बचाव में मदद करेगा।

देशभर में चरणबद्ध तरीके से मिलेगा फीचर
एयरटेल इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शाश्वत शर्मा के मुताबिक यह नई सुरक्षा सुविधा अगले दो हफ्तों के भीतर देहरादून समेत पूरे भारत में सभी ग्राहकों के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक का उद्देश्य यूजर्स को कॉल के दौरान होने वाले संभावित धोखाधड़ी जोखिमों से तुरंत सचेत करना है।

कैसे काम करता है AI फ्रॉड अलर्ट सिस्टम
एयरटेल का यह स्मार्ट सिस्टम संदिग्ध परिस्थितियों की पहचान करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करता है। जब किसी जोखिम भरी इनकमिंग कॉल के दौरान बैंक द्वारा भेजा गया ओटीपी डिटेक्ट होता है, तो सिस्टम तुरंत ग्राहक को ‘फ्रॉड अलर्ट’ नोटिफिकेशन भेजता है। इस अलर्ट में यूजर को चेतावनी दी जाती है कि कॉल पर रहते हुए ओटीपी साझा करना खतरनाक हो सकता है और इससे बैंकिंग धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।

साइबर सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि ओटीपी साझा करवाकर ठगी करना साइबर अपराधियों की सबसे आम रणनीतियों में से एक है। ऐसे में रियल-टाइम अलर्ट देने वाला यह एआई सिस्टम डिजिटल सुरक्षा के लिहाज से एक अहम पहल साबित हो सकता है और यूजर्स को वित्तीय नुकसान से बचाने में मदद करेगा।

Related posts