नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के साथ यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने खाड़ी देशों के सभी गंतव्यों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। ओमान और कुवैत के लिए उड़ानों की बहाली के साथ एयरलाइन का पूरा पश्चिम एशिया नेटवर्क फिर से सक्रिय हो गया है।
एयरलाइन के अनुसार, कोझिकोड-सलालाह (ओमान) मार्ग पर उड़ान सेवाएं 2 जुलाई से शुरू हो चुकी हैं। वहीं कोझिकोड-कुवैत रूट पर 3 जुलाई से और बेंगलुरु-कुवैत मार्ग पर 4 जुलाई से उड़ानों का संचालन फिर से शुरू किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में इन मार्गों पर उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम होने और स्थिति सामान्य होने के बाद पश्चिम एशिया के सभी गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। इससे उन हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी, जिनकी यात्रा योजनाएं पिछले दिनों प्रभावित हुई थीं।
फिलहाल एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत के 18 शहरों को पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों से जोड़ते हुए हर सप्ताह लगभग 780 उड़ानों का संचालन करती है। यह नेटवर्क रोजगार, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा चिंताओं के चलते एयरलाइन ने कुछ समय पहले ओमान, कुवैत समेत कई मार्गों पर अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी थीं। अब हालात में सुधार के बाद चरणबद्ध तरीके से सभी सेवाएं फिर से शुरू की जा रही हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में वर्तमान में 100 से अधिक विमान शामिल हैं। एयरलाइन प्रतिदिन 500 से ज्यादा उड़ानों का संचालन करती है और 43 घरेलू तथा 16 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती है। कंपनी का कहना है कि भविष्य में मांग बढ़ने पर पश्चिम एशिया के मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू की जाएंगी।
इस फैसले से खाड़ी देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों और नियमित यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
