दिल्ली हाई कोर्ट समेत 1100 से ज्यादा बम धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ जारी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में हाई कोर्ट, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य अहम ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकियां देने वाले आरोपी को आखिरकार दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द बना यह शख्स अब पुलिस की गिरफ्त में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

कर्नाटक से दबोचा गया आरोपी
जांच में सामने आया कि करीब 1100 से ज्यादा बम धमकी भरे कॉल और ईमेल भेजने वाला आरोपी कर्नाटक का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी श्रीनिवास लुईस को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। वह अपनी मां के साथ किराए के मकान में रह रहा था और पिछले कुछ महीनों से लगातार धमकी भरे संदेश भेज रहा था, जिनमें कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

दिल्ली हाई कोर्ट धमकी से खुला मामला
कुछ समय पहले दिल्ली हाई कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और स्थानीय स्तर पर की गई गहन जांच के बाद सुराग कर्नाटक तक पहुंचे और आरोपी की पहचान श्रीनिवास के रूप में हुई। पुलिस अब उसे दिल्ली लाकर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन-किन शहरों और जगहों को निशाना बनाया।

फर्जी धमकियों से बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती
गौरतलब है कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में समय-समय पर फर्जी बम धमकियों के मामले सामने आते रहे हैं। हाल ही में दिल्ली विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, हालांकि बाद में वह झूठी साबित हुई। ऐसे मामलों का असर संबंधित संस्थानों की कार्यप्रणाली पर पड़ता है और आम लोगों में डर का माहौल बनता है।

देशभर में बढ़ रहे ऐसे मामले
स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाकर दी जा रही फर्जी धमकियों की घटनाएं देशभर में बढ़ती जा रही हैं। हर बार सुरक्षा एजेंसियों को बड़े स्तर पर जांच और सतर्कता बढ़ानी पड़ती है, जिससे संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि समाज में भय और भ्रम फैलाने वालों पर रोक लगाई जा सके।


Related posts