दिसंबर 2025 में देश के टेलीकॉम सेक्टर से बड़ी तस्वीर सामने आई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या में इजाफा हुआ है, लेकिन सभी कंपनियों को इसका समान लाभ नहीं मिला। जहां रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ने नए यूजर्स जोड़कर अपनी पकड़ मजबूत की, वहीं वोडाफोन आइडिया (Vi) और सरकारी कंपनी बीएसएनएल के ग्राहक आधार में गिरावट दर्ज की गई।
दिसंबर में Airtel ने जोड़े सबसे ज्यादा ग्राहक
महीने-दर-महीने के आंकड़ों के अनुसार भारती एयरटेल ने दिसंबर 2025 में 54.2 लाख (54,28,314) नए वायरलेस मोबाइल ग्राहक जोड़े। वहीं रिलायंस जियो ने लगभग 29.60 लाख नए मोबाइल यूजर्स अपने नेटवर्क से जोड़े। दोनों निजी कंपनियों ने कई सर्विस सर्किलों में मजबूत बढ़त दर्ज की है, जिससे उनकी बाजार स्थिति और मजबूत हुई है।
Vi और BSNL के यूजर बेस में गिरावट जारी
इसके उलट वोडाफोन आइडिया के लिए दिसंबर का महीना चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी ने करीब 9.4 लाख मोबाइल ग्राहक गंवाए, जिससे उसके ग्राहक आधार में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल ने भी लगभग 2.06 लाख मोबाइल यूजर्स खो दिए। हालांकि कुछ सर्किलों में बीएसएनएल को मामूली बढ़त मिली, लेकिन कुल मिलाकर उसके मोबाइल यूजर बेस में कमी दर्ज की गई।
कुल 72.3 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े
ट्राई के अनुसार दिसंबर महीने में कुल मिलाकर टेलीकॉम ऑपरेटरों ने 72.3 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े। भारत का कुल टेलीफोन यूजर बेस (वायरलेस और वायर्ड मिलाकर) दिसंबर 2025 के अंत तक बढ़कर 1.306 बिलियन पहुंच गया। यह मासिक आधार पर 0.66 प्रतिशत की वृद्धि है। इस बढ़ोतरी में वायरलेस सेगमेंट की प्रमुख भूमिका रही है।
31 दिसंबर 2025 तक वायरलेस बाजार में निजी सर्विस प्रोवाइडर्स की हिस्सेदारी 92.53 प्रतिशत रही, जबकि बीएसएनएल और एमटीएनएल की संयुक्त हिस्सेदारी 7.47 प्रतिशत दर्ज की गई।
रिलायंस जियो की बाजार में मजबूत पकड़
रिलायंस जियो ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए 39.31 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ शीर्ष स्थान बनाए रखा है। कंपनी के कुल 489.05 मिलियन वायरलेस ग्राहक हैं।
एयरटेल दूसरे नंबर पर, यूजर्स में मजबूत उछाल
भारती एयरटेल की बाजार हिस्सेदारी 37.24 प्रतिशत रही। दिसंबर 2025 तक कंपनी के 463.38 मिलियन वायरलेस ग्राहक हो गए, जो नवंबर 2025 में 457.96 मिलियन थे। यह दर्शाता है कि एयरटेल ने महीने के दौरान उल्लेखनीय बढ़त हासिल की।
Vi, BSNL और MTNL की स्थिति
वोडाफोन आइडिया की बाजार हिस्सेदारी 15.98 प्रतिशत है और उसके 198.77 मिलियन वायरलेस ग्राहक हैं। बीएसएनएल की हिस्सेदारी 7.46 प्रतिशत रही, जिसके साथ उसके 92.76 मिलियन मोबाइल यूजर्स हैं। वहीं एमटीएनएल की बाजार हिस्सेदारी 0.02 प्रतिशत और ग्राहक संख्या 0.23 मिलियन दर्ज की गई है।
ट्राई के ताजा आंकड़े यह संकेत देते हैं कि निजी कंपनियां लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रही हैं, जबकि सरकारी और कुछ अन्य ऑपरेटरों को प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए नई रणनीतियों की जरूरत पड़ सकती है।
