‘धांधली वाले चुनावों को सुधारना जरूरी’, ट्रंप ने अमेरिकी चुनाव प्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी चुनाव प्रणाली को लेकर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका में होने वाले चुनाव ‘धांधली से भरे’ हैं और अगर मतदान व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो देश के अस्तित्व पर ही संकट खड़ा हो सकता है।

ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिका की चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर नई बहस छिड़ गई है। उन्होंने अपने पोस्ट में कई कानूनी मांगों का जिक्र करते हुए रिपब्लिकन पार्टी से खुलकर समर्थन देने की अपील की है।

‘सेव अमेरिका एक्ट’ के समर्थन की मांग
डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव प्रशासन में सुधार के लिए प्रस्तावित ‘सेव अमेरिका एक्ट’ के लिए रिपब्लिकन सांसदों से समर्थन मांगा है। ट्रंप का कहना है कि यह प्रस्ताव अमेरिकी लोकतंत्र को बचाने के लिए जरूरी हैं और इन्हें जल्द लागू किया जाना चाहिए।

मतदाता पहचान और नागरिकता प्रमाण अनिवार्य करने की मांग
ट्रंप ने जिन प्रमुख सुधारों पर जोर दिया है, उनमें व्यक्तिगत रूप से मतदान करने वाले मतदाताओं के लिए अनिवार्य फोटो वोटर आईडी शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता पंजीकरण के लिए अमेरिकी नागरिकता के पुख्ता सबूत को जरूरी बताए जाने की मांग की है।

मेल-इन वोटिंग पर कड़ा रुख
अमेरिकी राष्ट्रपति ने मेल-इन वोटिंग को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप का कहना है कि डाक के जरिए मतदान की सुविधा को केवल बीमारी, विकलांगता, सैन्य सेवा या यात्रा जैसे विशेष हालात तक सीमित किया जाना चाहिए, ताकि चुनावों की निष्पक्षता बनी रहे।

‘या तो चुनाव सुधरेंगे, या देश नहीं बचेगा’
अपने पोस्ट में ट्रंप ने चुनाव सुधार को राष्ट्रीय अस्तित्व से जोड़ते हुए कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने लिखा कि अमेरिकी चुनाव दुनियाभर में मजाक बन चुके हैं और अब फैसला करना होगा कि या तो इन्हें ठीक किया जाएगा, या फिर देश को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

चुनाव प्रणाली पर फिर तेज हुई सियासी बहस
ट्रंप के इस बयान को आगामी चुनावों और अमेरिकी राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले भी वे कई बार चुनावों में धांधली के आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने इसे सीधे तौर पर देश के भविष्य से जोड़ दिया है।

Related posts