लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सदन में प्रदेश की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश करेंगे। इस रिपोर्ट के जरिए सरकार बीते और मौजूदा वित्तीय वर्ष की आर्थिक तस्वीर सदन और जनता के सामने रखेगी।
कृषि से ऊर्जा तक, हर सेक्टर का होगा लेखाजोखा
आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट में कृषि, अवस्थापना सुविधाएं, पर्यटन, ऊर्जा समेत तमाम अहम क्षेत्रों में वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान हासिल की गई उपलब्धियों और सामने आई चुनौतियों के आंकड़े शामिल होंगे। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के पिछले नौ महीनों की प्रगति का विस्तृत विवरण भी रिपोर्ट में दिया जाएगा।
कहां बढ़ा विकास, कहां आईं चुनौतियां
इस रिपोर्ट के जरिए यह स्पष्ट होगा कि प्रदेश में किन क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज रही और किन सेक्टरों में सरकार को चुनौतियों का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट में प्रदेश की समग्र आर्थिक स्थिति का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया जाएगा।
जीडीपी, बजट खर्च और रोजगार पर फोकस
आर्थिक सर्वेक्षण में प्रदेश की जीडीपी वृद्धि दर, बजट आवंटन और खर्च का ब्यौरा दिया जाएगा। साथ ही उद्योग, निर्माण, कृषि, सेवा क्षेत्र, अवसंरचना, ऊर्जा और रोजगार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हुए बदलावों को भी विस्तार से शामिल किया गया है।
सरकार की उपलब्धियों और चुनौतियों पर आधारित रिपोर्ट
सूत्रों के अनुसार यह रिपोर्ट सरकार की आर्थिक उपलब्धियों के साथ-साथ सामने आई चुनौतियों पर भी केंद्रित होगी। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े भविष्य के अनुमान और संभावनाओं का भी उल्लेख किया जाएगा, ताकि आने वाली नीतियों की दिशा तय की जा सके।
पहली बार केंद्र की तर्ज पर तैयार हुआ विस्तृत सर्वेक्षण
बताया जा रहा है कि पहली बार केंद्र सरकार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट अधिक विस्तार से तैयार किया गया है। इसमें राज्य के आर्थिक विकास, संरचनात्मक चुनौतियों और नीतिगत प्राथमिकताओं का समग्र आकलन प्रस्तुत किया जाएगा।
क्या होती है आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट
आर्थिक सर्वेक्षण किसी भी राज्य या देश की आर्थिक स्थिति का रिपोर्ट कार्ड माना जाता है। इसमें सरकार की आय, खर्च और आर्थिक प्रगति का पूरा विवरण होता है, जिससे यह समझने में मदद मिलती है कि अर्थव्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ रही है और सरकार के सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियां क्या हैं।
