मथुरा। जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। बस चालक ने निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में वाहन रोकने के बजाय सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर नियंत्रण खोते हुए सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदता चला गया।
हादसे में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) सहित छह लोगों की मौत हुई है, जबकि दो मृतकों की पहचान की जा रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू करा दिया गया। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
