दो मर्दों के प्यार की संवेदनशील कहानी ‘Sabar Bonda’, विदेशों में तारीफें बटोरने के बाद OTT पर रिलीज

नई दिल्ली। मराठी सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘सबर बोंडा (Sabar Bonda)’ ने बिना किसी बड़े प्रचार के अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खास पहचान बनाई है। विदेशों में मिली जबरदस्त सराहना और अवॉर्ड्स के बाद अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है। समाज को आईना दिखाने वाली यह कहानी प्यार, पहचान और स्वीकार्यता जैसे गहरे सवालों को छूती है, जिस वजह से फिल्म को क्रिटिक्स से लेकर दर्शकों तक की तारीफ मिली है।

संडांस फिल्म फेस्टिवल में रचा इतिहास

‘सबर बोंडा’ को पिछले साल प्रतिष्ठित संडांस फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड जूरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली मराठी फिल्म बनी, जिसने भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। फिल्म की सादगी, संवेदनशीलता और दमदार कहानी ने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को भी गहराई से प्रभावित किया।

नाम में छुपा है फिल्म का गहरा अर्थ

फिल्म का शीर्षक ‘सबर बोंडा’ एक खास तरह की नाशपाती को दर्शाता है, जिसकी ऊपरी परत कंटीली होती है लेकिन अंदर से वह मुलायम और खट्टा-मीठा स्वाद लिए होती है। यही भाव फिल्म की कहानी में भी झलकता है, जहां समाज के डर और दबाव के बीच छुपे जज़्बात धीरे-धीरे सामने आते हैं।

क्या है ‘Sabar Bonda’ की कहानी

फिल्म की कहानी आनंद नाम के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पिता की मृत्यु के बाद 10 दिन का शोक मनाने के लिए अपने होमटाउन लौटता है। इसी दौरान उसे अपने बचपन के दोस्त के साथ ऐसा रिश्ता मिलता है, जो उसे प्यार और भावनात्मक सहारा देता है। फिल्म दो पुरुषों के बीच पनपते प्रेम, आत्मस्वीकार और समाज से मिलने वाली चुनौतियों को बेहद संवेदनशील ढंग से पेश करती है।

निर्देशन, कलाकार और रेटिंग ने बढ़ाया प्रभाव

इस रोमांटिक ड्रामा का निर्देशन रोहन परशुराम कनावड़े ने किया है, जो उनकी पहली फीचर फिल्म है। उन्होंने ही फिल्म का लेखन भी किया है। करीब 1 घंटे 52 मिनट की इस फिल्म में भूषण मनोज और सूरज सुमन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। दर्शकों और क्रिटिक्स से मिल रही प्रतिक्रिया का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि IMDb पर फिल्म को 7.5 रेटिंग मिली है।

किस OTT प्लेटफॉर्म पर देखें फिल्म

‘सबर बोंडा’ को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं किया गया है। अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद इसे सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उतारा गया है। अगर आप कुछ हटकर, संवेदनशील और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए खास है। ‘Sabar Bonda’ अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

Related posts