नई दिल्ली। ओटीटी की दुनिया में तहलका मचाने वाली कल्ट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दर्शकों के बीच अपना भौकाली अंदाज दिखाने को तैयार है। गालियों से भरे डायलॉग, सत्ता की भूख, खून-खराबे और यादगार किरदारों ने इस सीरीज को शुरुआत से ही अलग पहचान दिलाई। हर सीजन के साथ ‘मिर्जापुर’ का क्रेज बढ़ता गया और यह भारत की सबसे चर्चित वेब फ्रैंचाइजी में शामिल हो गई। अब दर्शकों के इसी जबरदस्त प्यार को देखते हुए मेकर्स ने इसे सिनेमाघरों में लाने का बड़ा फैसला लिया है और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट का ऐलान भी कर दिया गया है।
कब रिलीज होगी मिर्जापुर: द मूवी
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सल एंटरटेनमेंट पहली बार ‘मिर्जापुर’ यूनिवर्स को थिएटर तक ले जा रहे हैं। यह फिल्म मिर्जापुर की दुनिया की एक अनसुनी कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। एक्सल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। निर्देशन की कमान गुरमीत सिंह के हाथ में है। मेकर्स के मुताबिक ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कालीन भैया से लेकर मुन्ना-गुड्डू तक, दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में दर्शकों को मिर्जापुर की वही रॉ और बेरहम दुनिया देखने को मिलेगी, लेकिन इस बार पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्केल पर। पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु मुन्ना भैया के रूप में वापसी कर रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
क्या होगी फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी को लेकर फिलहाल मेकर्स ने सस्पेंस बनाए रखा है। हालांकि इंडस्ट्री से जुड़ी चर्चाओं के मुताबिक यह फिल्म या तो वेब सीरीज की शुरुआती कहानी को दिखाने वाला प्रीक्वल हो सकती है या फिर उसी टाइमलाइन में घटने वाली किसी बड़ी और निर्णायक घटना पर आधारित होगी। इतना तय माना जा रहा है कि फिल्म में सत्ता की जंग, मिर्जापुर की गद्दी और खून-खराबे का खेल पहले से ज्यादा खतरनाक और सिनेमैटिक अंदाज में दिखाया जाएगा।
बड़े पर्दे पर और भी रॉ होगा मिर्जापुर यूनिवर्स
मेकर्स मिर्जापुर की दुनिया को थिएटर ऑडियंस के लिए और ज्यादा इंटेंस, रियल और विजुअली भव्य बनाने की तैयारी में हैं। पहली बार यह कल्ट कहानी ओटीटी से बाहर निकलकर सिनेमाघरों में उतरेगी, जहां दर्शकों को कालीन भैया का भौकाल और मुन्ना-गुड्डू की जंग बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।
