बांग्लादेश पर निर्भरता होगी कम, पूर्वोत्तर को मिलेगा समुद्र तक सीधा रास्ता; म्यांमार के जरिए बनेगा नया रेल कॉरिडोर

नई दिल्ली: पड़ोसी देश बांग्लादेश में बदलते राजनीतिक हालात के बीच भारत ने पूर्वोत्तर राज्यों की कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल की है। केंद्र सरकार मिजोरम को म्यांमार के समुद्री रास्ते से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए आइजोल के पास सैरांग से म्यांमार सीमा के नजदीक ह्मांगबुचुआह तक नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इससे पूर्वोत्तर भारत को समुद्री मार्ग से जोड़ने का वैकल्पिक रास्ता तैयार होगा और बांग्लादेश के रास्तों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

इस योजना के तहत कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट परियोजना को भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने सैरांग से ह्मांगबुचुआह तक प्रस्तावित रेल लाइन का अंतिम स्थान सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अंतिम रूप देने और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है।

क्यों जरूरी है नया समुद्री और रेल मार्ग?

फिलहाल कोलकाता और देश के दूसरे हिस्सों से मिजोरम तथा पूर्वोत्तर के दक्षिणी क्षेत्रों तक सामान और यात्रियों को पहुंचाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। पूर्वोत्तर के राज्य मुख्य भारत से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के पास स्थित संकरे गलियारे के जरिए जुड़े हैं। इसे चिकन नेक कहा जाता है। सामरिक दृष्टि से यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है।

इसके अलावा बांग्लादेश के चटगांव और मोंगला बंदरगाहों के साथ-साथ अगरतला-अखौरा जैसे संपर्क मार्गों पर भी वहां के राजनीतिक हालात का असर पड़ सकता है। ऐसे में भारत वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था तैयार करना चाहता है, जिससे पूर्वोत्तर तक सामान पहुंचाने के लिए किसी एक मार्ग पर निर्भरता न रहे।

कोलकाता से म्यांमार के रास्ते पहुंचेगा सामान

नई व्यवस्था लागू होने के बाद कोलकाता या हल्दिया बंदरगाह से जलपोतों के जरिए सामान सीधे म्यांमार के सितवे बंदरगाह तक पहुंचाया जा सकेगा। वहां से नदी और सड़क मार्ग के सहारे माल मिजोरम की सीमा पर स्थित ह्मांगबुचुआह लाया जाएगा। इसके बाद प्रस्तावित रेल लाइन के जरिए सामान आइजोल और पूर्वोत्तर के दूसरे हिस्सों तक भेजा जा सकेगा।

इस तरह समुद्री, नदी, सड़क और रेल परिवहन को एक ही नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इससे माल ढुलाई के लिए एक नया विकल्प तैयार होगा और पूर्वोत्तर के व्यापारिक संपर्कों को भी विस्तार मिल सकेगा।

223 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर खर्च होंगे 17 हजार करोड़

प्रस्तावित परियोजना के तहत सैरांग से ह्मांगबुचुआह तक करीब 223 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस पर लगभग 17,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह रेल मार्ग मिजोरम के आइजोल, सेरछिप, हनाहथियाल, लुंगलेई, सियाहा और लौंगतलाई जैसे पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरेगा।

अंतिम स्थान सर्वेक्षण पूरा होने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अंतिम रूप देने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है। योजना के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है।

2031-32 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य

परियोजना का निर्माण शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब पांच से छह साल लगने का अनुमान है। इस हिसाब से 2031-32 तक रेल लाइन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर मिजोरम को म्यांमार के सितवे बंदरगाह से जुड़े परिवहन नेटवर्क तक रेल संपर्क मिलेगा।

यह परियोजना पूर्वोत्तर भारत के लिए व्यापारिक और सामरिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे क्षेत्र को समुद्र तक पहुंचने का एक अतिरिक्त रास्ता मिलेगा और भारत की परिवहन व्यवस्था को बांग्लादेश के मौजूदा संपर्क मार्गों के अलावा नया विकल्प मिल सकेगा।

 

Related posts