लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साप्ताहिक पत्र श्रृंखला ‘योगी की पाती’ ने 50 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद बताया है कि आखिर वह हर हफ्ते प्रदेश की जनता के नाम पत्र क्यों लिखते हैं। उन्होंने इसके पीछे वनटांगिया गांव के अपने शुरुआती दौरे और वंचित तबके की पीड़ा से जुड़े अनुभव को वजह बताया है। इस खास पड़ाव पर सोमवार को लखनऊ में विशेष आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह के सफर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही वह 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। इस प्रदर्शनी में पाती के जरिए लोगों तक पहुंचाए गए संदेशों और विचारों से जुड़े विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा।
वनटांगिया गांव के दौरे से मिली पत्र लिखने की प्रेरणा
‘योगी की पाती’ के 50वें अंक में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने बताया कि हर सप्ताह पत्र लिखने का विचार कैसे आया। योगी आदित्यनाथ ने अपने पहले वनटांगिया गांव के दौरे को याद करते हुए कहा कि वहां कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों के लोगों की स्थिति देखकर वह बेहद व्यथित हुए थे।
उन्होंने देखा था कि इन समुदायों के लोग लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। इसी अनुभव ने उनके मन में यह विचार पैदा किया कि शासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है, जिसकी तकलीफ व्यवस्था तक नहीं पहुंच पाती।
मुख्यमंत्री और जनता का रिश्ता सिर्फ सरकारी संवाद तक सीमित न रहे
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उत्तर प्रदेश को एक परिवार के रूप में देखने की बात कही। उनके मुताबिक, उनकी इच्छा थी कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की करीब 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं और सरकारी संदेशों तक सीमित न रहें।
उन्होंने लिखा कि परिवार में संवाद आदेश देकर नहीं, बल्कि अपनत्व और आत्मीयता के साथ होता है। इसी भावना के साथ उन्होंने ‘योगी की पाती’ की शुरुआत की, ताकि सरकार और आम लोगों के बीच सीधा संवाद कायम हो सके।
जनता से सुझाव भी चाहते हैं सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते एक साल में उनके पत्रों की चर्चा प्रदेश की सीमाओं से बाहर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंची है। उन्होंने इस पर प्रसन्नता जताते हुए प्रदेशवासियों से संवाद की इस पहल को और मजबूत बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री चाहते हैं कि ‘योगी की पाती’ केवल उनके विचारों को व्यक्त करने का माध्यम बनकर न रह जाए। इसमें आम लोगों की बात, उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी जगह मिले। उन्होंने सरकार और समाज के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करने के साथ समृद्ध और संस्कारों में श्रेष्ठ ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण का संकल्प दोहराया।
50 सप्ताह की यात्रा पर कॉफी टेबल बुक और प्रदर्शनी
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में इस पूरी यात्रा को दर्ज करने वाली कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा। वहीं, 1090 परिसर में लगने वाली प्रदर्शनी के माध्यम से पत्रों में उठाए गए विषयों और मुख्यमंत्री के संदेशों को लोगों के सामने रखा जाएगा। यह आयोजन साप्ताहिक पत्र श्रृंखला के अब तक के सफर को विशेष रूप से रेखांकित करेगा।
