लखनऊ: लखनऊ के हाई प्रोफाइल निजी स्कूल लामार्ट्स बॉयज स्कूल के एक शिक्षक पर छात्र के मोबाइल पर अश्लील चैट करने का आरोप लगा है। स्कूल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौतमपल्ली पुलिस के मुताबिक स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इसमें शिक्षक पर अपने छात्र से मोबाइल पर अश्लील चैट करने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक छात्र के परिजनों ने अश्लील चैट का रिकॉर्ड उपलब्ध कराते हुए स्कूल प्रबंधन से शिकायत की थी। इसके बाद प्रबंधन की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू करते हुए डिजिटल साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में चैट से जुड़े अंश, रील्स और वीडियो समेत घटनाक्रम से संबंधित अन्य तथ्यों को शामिल किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और शिकायत में सामने आए तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
