गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, राप्ती नगर शाखा के 71 सदस्यों का दल बुधवार की सुबह 6:30 बजे अयोध्या एवं स्वामीनारायण छपिया के धार्मिक भ्रमण के लिए रवाना हुआ। वरिष्ठ नागरिकों के इस दल को गोरखपुर की उप महापौर पूनम सिंह एवं उनके पति ब्रजेश सिंह ने शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
इस अवसर पर पूनम सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। यह पहल अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने तथा ब्रजेश सिंह ने भविष्य में इस तरह के आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, राप्ती नगर शाखा ने उनके उदार विचारों एवं सहयोग की भावना के प्रति आभार व्यक्त किया।
दल की रवानगी के समय शाखा के सचिव श्री एम.एम. तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, राधेश्याम सिंह, राजेश श्रीवास्तव, उमेश सिंह, बी.बी. मल्ल एवं डी.एन. सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, गोरखपुर के अध्यक्ष अमीय रमण एवं महामंत्री मुन्नी लाल गुप्ता ने भी भ्रमण दल को शुभकामनाएं दीं।
अयोध्या पहुंचने पर दल के सदस्यों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। अशोक कुमार सिंह के विशेष प्रयासों एवं डी.एन. सिंह के सहयोग से सभी सदस्यों के लिए वीआईपी दर्शन पास की व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शन सुगम हो सके। इसके बाद सभी सदस्यों ने हनुमानगढ़ी में दर्शन किए और सामूहिक रूप से भोजन किया। तत्पश्चात दल स्वामीनारायण छपिया के लिए रवाना हुआ।
इस धार्मिक यात्रा के दौरान सभी सदस्य काफी उत्साहित एवं आनंदित नजर आए। आपसी मेल-मिलाप, सामूहिक सहभागिता और धार्मिक आस्था से परिपूर्ण इस आयोजन ने वरिष्ठ नागरिकों के बीच उत्साह का नया संचार किया। सदस्यों ने ऐसे कार्यक्रमों को बार-बार आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
शाखा सचिव एम.एम. तिवारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने सदस्यों की मांग पर गंभीरता से विचार करने तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया। श्री तिवारी ने यात्रा को सफल बनाने में सभी सदस्यों के उत्कृष्ट सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि यह भ्रमण वरिष्ठ नागरिकों के लिए धार्मिक दर्शन के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता, आपसी सौहार्द और सक्रिय जीवन का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बना। यात्रा संपन्न होने के बाद रात्रि लगभग 9:30 बजे सभी वाहन सकुशल गोरखपुर लौट आए।
