पाकिस्तान में फिर बड़ा आतंकी हमला! चेकपोस्ट पर हमले में 7 पुलिसकर्मियों की मौत, 22 घायल; चार दिन पहले भी मचे थे हालात

नई दिल्ली: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। हंगू जिले में स्थित एक पुलिस चेकपोस्ट पर हुए हमले में कम से कम सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आठ कथित हमलावर भी मारे गए। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

हंगू जिले की चेकपोस्ट को बनाया गया निशाना

यह हमला बुधवार शाम खैबर पख्तूनख्वा के हंगू जिले में हुआ। जिला पुलिस अधिकारी तारिक हबीब के अनुसार, हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जवाबी कार्रवाई में 8 कथित हमलावर ढेर

पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों ने हमले का तत्काल जवाब दिया, जिसमें आठ कथित हमलावर मारे गए। हालांकि, घटना के पीछे किस संगठन का हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

चार दिन पहले भी हुआ था बड़ा हमला

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले में भी सुरक्षा चौकी पर हमला हुआ था। उस हमले में विस्फोटकों से भरे वाहन को चेकपोस्ट से टकरा दिया गया था, जिसमें सैनिकों, पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों समेत 15 लोगों की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी सेना ने उस घटना के बाद जवाबी कार्रवाई में 12 हमलावरों के मारे जाने का दावा किया था।

सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हिंसा

खैबर पख्तूनख्वा की सीमा अफगानिस्तान से लगती है और पिछले कुछ समय से यह इलाका लगातार हिंसक घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े हमलावर अफगानिस्तान की सीमा का इस्तेमाल कर हमलों को अंजाम देते हैं। हालांकि, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों से लगातार इनकार करती रही है।

अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच बढ़ा तनाव

सीमा पार आतंकवाद को लेकर दोनों देशों के संबंधों में पिछले कुछ समय से तनाव बना हुआ है। पाकिस्तान कई बार अफगानिस्तान की सीमा के भीतर हवाई हमले कर चुका है और उनका उद्देश्य आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाना बताया है। वहीं, तालिबान सरकार और संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि ऐसे कुछ हमलों में आम नागरिक भी हताहत हुए हैं।

 

Related posts