लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम और रात आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में अब तक 37 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रयागराज, फतेहपुर, भदोही और बदायूं सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल हैं। तेज हवाओं की वजह से कई जगहों पर पेड़ जड़ से उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर पड़े और मकानों की दीवारें ढह गईं।
प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। कई इलाकों में मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम देर रात तक जारी रहा।
फतेहपुर में दीवारें गिरने से 9 लोगों की मौत
फतेहपुर जिले में तेज आंधी और तूफान के कारण कई इमारतों और कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। अलग-अलग हादसों में यहां 9 लोगों की मौत हो गई। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी हुई हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रयागराज में सबसे ज्यादा तबाही, 17 लोगों की गई जान
प्रयागराज में बुधवार शाम आई धूलभरी आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। जिले में अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
मृतकों में 5 महिलाएं, 4 बच्चे और 8 पुरुष शामिल हैं। सबसे ज्यादा 7 मौतें हंडिया तहसील में दर्ज की गईं। इसके अलावा फूलपुर में 4, सोरांव में 3, मेजा में 2 और सदर क्षेत्र में 1 व्यक्ति की मौत हुई।
तेज तूफान के चलते 20 पशुओं की भी मौत हो गई, जबकि 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें अलग-अलग इलाकों में नुकसान का आंकलन करने में जुटी हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने कहा है कि मौतों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
भदोही में बिजली के खंभे गिरे, कई घरों पर टूटे पेड़
भदोही जिले में भारी बारिश और तेज तूफान के कारण कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन के मुताबिक, कई इलाकों में बिजली के खंभे गिर गए और पेड़ मकानों पर टूटकर गिर पड़े।
अपर जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि तूफान के बाद मोबाइल नेटवर्क बाधित हो गया, जिससे राहत और बचाव कार्यों में दिक्कतें आईं। उन्होंने कहा कि जिले की तीनों तहसीलों में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीमें लगातार निरीक्षण और राहत कार्य कर रही हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
बदायूं में दीवार गिरने से दो बच्चियों समेत 5 की मौत
बदायूं जिले में भी धूलभरी आंधी और बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए।
बिसौली थाना क्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से मौसमी (10) और रजनी (9) नाम की दो बच्चियों की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि तेज तूफान से बचने के लिए दोनों बच्चियां दो महिलाओं के साथ वहां शरण लेने पहुंची थीं।
अचानक दीवार गिरने से चारों लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे में बच्चियों की जान चली गई, जबकि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रशासन अलर्ट पर, राहत कार्य जारी
प्रदेश के कई जिलों में बिजली आपूर्ति और यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।
