महिला आरक्षण पर कांग्रेस का हमला: “2023 में पास बिल तुरंत लागू करे सरकार”, बीजेपी पर ‘राजनीतिक इस्तेमाल’ का आरोप

लखनऊ, 21 अप्रैल 2026: महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरते हुए बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य और सांसद प्रणीति शिंदे ने लखनऊ स्थित नेहरू भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी महिलाओं के मुद्दे का इस्तेमाल सत्ता हासिल करने के लिए करती है, लेकिन बाद में उन्हें उनका अधिकार नहीं देती।

“मोबाइल राजनीति नहीं, हकीकत में लागू करें आरक्षण”

प्रेस वार्ता में प्रणीति शिंदे ने साफ कहा कि बीजेपी को मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर महिला आरक्षण तत्काल लागू करना चाहिए, जिसमें कांग्रेस पूरा समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही महिला आरक्षण के पक्ष में रही है और संसद में भी इसका समर्थन स्पष्ट रूप से किया गया था।

“डिलिमिटेशन के नाम पर टाला जा रहा हक”

प्रणीति शिंदे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण विधेयक को लागू नहीं करना चाहती, इसलिए इसे डिलिमिटेशन से जोड़कर विवादित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना नई जनगणना के सीटों में बढ़ोतरी करना असंवैधानिक है। कांग्रेस डिलिमिटेशन के खिलाफ नहीं है, लेकिन यह प्रक्रिया नई जनगणना के बाद ही संविधान सम्मत तरीके से होनी चाहिए।

“बीजेपी की नीयत पर सवाल”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने भाषणों में कांग्रेस का जिक्र बार-बार करते हैं, लेकिन महिला आरक्षण जैसे मूल मुद्दे पर स्पष्ट जवाब नहीं देते। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है, जबकि असल में इसे लागू करने की मंशा नहीं है।

आराधना मिश्रा का सवाल: “क्या बीजेपी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाएगी?”

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने बीजेपी पर तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पार्टी किसी महिला को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बना सकती है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या संघ में किसी महिला को शीर्ष पद दिया जा सकता है। उनके मुताबिक बीजेपी महिलाओं को अधिकार देने के बजाय सिर्फ चुनावी लाभ के लिए मुद्दों का इस्तेमाल करती है।

“यूपी में 33% आरक्षण का प्रस्ताव भेजे सरकार”

आराधना मिश्रा मोना ने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि वह विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव केंद्र को भेजे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रस्ताव का पूरा समर्थन करेगी।

“महिला सशक्तिकरण में कांग्रेस का इतिहास”

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पार्टी का महिला सशक्तिकरण में लंबा इतिहास रहा है। पंचायतों में 33 प्रतिशत आरक्षण से लेकर महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने तक, कई ऐतिहासिक फैसले कांग्रेस सरकारों ने लिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी महिला आरक्षण के पक्ष में थी, आज भी है और आगे भी रहेगी।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मुन्ना के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Related posts