मुजफ्फरनगर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के विकास को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने नगर पालिका को नगर निगम में बदलने का वादा करते हुए अधिकारियों को इसका प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुरक्षा, रोजगार, किसान कल्याण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
डबल इंजन सरकार में मजबूत हुई कानून व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और आज बेटियां, व्यापारी, किसान और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा और अपराध का माहौल था, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है।
शुकतीर्थ की महत्ता का किया उल्लेख, ऐतिहासिक हस्तियों को किया नमन
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शुकतीर्थ की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का जिक्र करते हुए इसे आध्यात्मिक चेतना की भूमि बताया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को किसानों का मसीहा बताते हुए उन्हें नमन किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके योगदान को भारतीय संस्कृति व जनसेवा के लिए प्रेरणादायी बताया।
रोजगार और भर्तियों को लेकर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर सरकारी भर्तियां की गई हैं और हाल ही में चयनित हजारों युवाओं को पुलिस सेवा में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं को अधिक से अधिक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उद्यमियों को सुरक्षा और श्रमिकों को संरक्षण देने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है।
951 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
सीएम योगी ने बताया कि मुजफ्फरनगर के विकास के लिए 951 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इसके साथ ही शिक्षामित्रों, रसोइयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों सहित कई वर्गों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
रोजगार मेले में युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रोजगार मेले में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी, राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
