ईरान युद्ध पर यूरोप ने अमेरिका को बड़ा झटका, इटली-स्पेन एयरबेस बंद, स्विट्जरलैंड ने हथियार निर्यात से किया इनकार

नई दिल्ली: ईरान पर अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर यूरोप से बड़ा विरोध सामने आया है। NATO के प्रमुख सदस्य देशों ने अमेरिका को समर्थन देने से इंकार कर दिया है। इटली और स्पेन ने अपने एयरबेस और हवाई क्षेत्र अमेरिकी विमानों के लिए बंद कर दिए हैं, जबकि स्विट्जरलैंड ने हथियारों और युद्ध सामग्री के निर्यात पर रोक लगा दी है।

इटली का सिगोनेला एयरबेस अमेरिकी विमानों के लिए बंद
इटली की सरकार ने सिसिली में स्थित सिगोनेला एयरबेस पर अमेरिकी सैन्य विमानों को उतरने की अनुमति देने से साफ इनकार किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी बॉम्बर्स इस बेस का इस्तेमाल मिडिल ईस्ट में ऑपरेशन के लिए करना चाहते थे, लेकिन इटली ने कोई औपचारिक अनुरोध न होने और सैन्य नेतृत्व की सलाह न लेने का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह के किसी भी अनुरोध पर संसद की मंजूरी अनिवार्य होगी।

स्पेन का आसमान अमेरिकी विमानों के लिए बंद
स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स ने ऐलान किया कि देश का हवाई क्षेत्र उन अमेरिकी विमानों के लिए बंद रहेगा जो ईरान पर हमलों में शामिल होंगे। स्पेन ने अपने सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल और हवाई मार्ग की अनुमति देने से भी इंकार कर दिया है।

स्विट्जरलैंड ने हथियारों के निर्यात पर रोक लगाई
तटस्थ स्विट्जरलैंड ने अमेरिकी कंपनियों को युद्ध सामग्री और हथियार निर्यात करने का लाइसेंस जारी करने से मना कर दिया है। स्विस सरकार ने अपनी तटस्थता की नीति का हवाला देते हुए कहा कि वह किसी अंतरराष्ट्रीय संघर्ष को बढ़ावा नहीं दे सकती।

यूरोप में अमेरिका के खिलाफ बढ़ता असहयोग
विश्लेषकों के अनुसार, इटली, स्पेन और स्विट्जरलैंड का यह रुख दिखाता है कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आम सहमति नहीं है। NATO सहयोगियों का यह विरोध अमेरिका की रणनीति के लिए आने वाले दिनों में बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

Related posts