न्यूजीलैंड दौरे पर गई साउथ अफ्रीका टीम को टी20 सीरीज के बीच बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। पांच मैचों की इस सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले ही टीम का एक अहम खिलाड़ी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। इससे पहले मेजबान न्यूजीलैंड टीम भी अपने दो खिलाड़ियों को गंवा चुकी है, जिससे सीरीज का संतुलन प्रभावित होता दिख रहा है।
फील्डिंग के दौरान लगी गंभीर चोट, सीरीज से बाहर हुए जॉर्डन हरमन
साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज जॉर्डन हरमन दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट के चलते सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट पहले टी20 मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय लगी थी। यह मैच माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला गया था, जहां चोट लगने के बाद वह मुकाबले में आगे हिस्सा नहीं ले सके। मेडिकल जांच और स्कैन के बाद चोट को गंभीर पाया गया, जिसके चलते उन्हें पूरी सीरीज से बाहर करना पड़ा। खास बात यह है कि टीम मैनेजमेंट ने उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को स्क्वाड में शामिल नहीं किया है।
डेब्यू मैच में नहीं मिला बल्लेबाजी का मौका
जॉर्डन हरमन ने इसी सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। हालांकि उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका। उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 92 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे साउथ अफ्रीका ने 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज होने के कारण हरमन की बल्लेबाजी की बारी ही नहीं आई।
न्यूजीलैंड भी झेल चुका है दो बड़े झटके
इस सीरीज में चोट का असर सिर्फ साउथ अफ्रीका पर ही नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड टीम पर भी पड़ा है। टीम के प्रमुख स्पिनर ईश सोढ़ी ट्रेनिंग के दौरान अंगूठे में चोट लगने के कारण पहले ही सीरीज से बाहर हो चुके हैं। इसके बाद टीम को दूसरा झटका बेवन जैकब्स के रूप में लगा, जो पहले टी20 मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए थे। उनकी चोट भी गंभीर बताई गई है, जिसके चलते वह भी पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
इस तरह दोनों टीमों के प्रमुख खिलाड़ियों के बाहर होने से सीरीज का रोमांच और रणनीति दोनों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
