हाई कोलेस्ट्रॉल में भी फायदेमंद है भुना चना, डायबिटीज से लेकर वजन घटाने तक मिलते हैं कई बड़े लाभ

चना भारतीय खानपान का एक बेहद पौष्टिक और पारंपरिक अनाज माना जाता है। इसे भूनकर, उबालकर, पीसकर या सब्जी के रूप में आसानी से डाइट में शामिल किया जा सकता है। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चना शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रित करने में भी मददगार माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार भुना चना न सिर्फ एक हेल्दी स्नैक है बल्कि यह डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं में भी लाभ पहुंचा सकता है।

क्या हाई कोलेस्ट्रॉल में चना खाना सुरक्षित है

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीज सीमित मात्रा में चना खा सकते हैं। चना में घुलनशील फाइबर और प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर में जमा खराब कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल को कम करने में सहायक होता है।

चना में मौजूद फाइबर पित्त अम्ल से जुड़कर शरीर में कोलेस्ट्रॉल के अवशोषण को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम और पोटेशियम भी पाए जाते हैं, जो ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में सहायक माने जाते हैं। प्रोटीन से भरपूर होने के कारण चना लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे बार-बार खाने की इच्छा कम होती है और अनावश्यक कैलोरी से बचाव होता है।

डायबिटीज के मरीजों के लिए अच्छा स्नैक

डायबिटीज के मरीजों के लिए भुना चना एक बेहतर स्नैक विकल्प माना जाता है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और इसमें फाइबर व प्रोटीन अधिक मात्रा में मौजूद होते हैं। यही वजह है कि चना खाने से ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता और ऊर्जा भी लंबे समय तक बनी रहती है।

आयरन की कमी दूर करने में सहायक

जिन लोगों में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या होती है, उनके लिए भी चना फायदेमंद माना जाता है। इसमें पर्याप्त मात्रा में आयरन पाया जाता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद कर सकता है। नियमित रूप से चना खाने से शरीर को आवश्यक पोषण मिलता है।

वजन घटाने में भी करता है मदद

वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी भुना चना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें मौजूद प्रोटीन और फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करते हैं। इससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम होती है और व्यक्ति ज्यादा खाने से बचता है, जो वजन नियंत्रण में मददगार साबित हो सकता है।

पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है

चना पाचन तंत्र के लिए भी लाभकारी माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर आंतों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करता है। नियमित रूप से चना खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है और पेट से जुड़ी कई परेशानियों में राहत मिल सकती है।

Related posts