खाड़ी संकट के बीच भारत सरकार अलर्ट, 10 स्पेशल फ्लाइट्स चलाएगी IndiGo; 300 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच केंद्र सरकार खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी की तैयारी में जुट गई है। सरकार संबंधित देशों में स्थित भारतीय दूतावासों के साथ लगातार संपर्क में है और हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। साथ ही विभिन्न राज्य सरकारों ने भी अपने-अपने नागरिकों की सहायता के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वह पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। इसी बीच IndiGo ने 3 मार्च को जेद्दा (सऊदी अरब) से भारत के विभिन्न शहरों के लिए 10 विशेष राहत उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है। ये उड़ानें आवश्यक सरकारी स्वीकृतियों और मौजूदा हवाई क्षेत्र की स्थिति पर निर्भर होंगी।

जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए उड़ानें

सूत्रों के अनुसार, जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए विशेष उड़ानें संचालित की जाएंगी। इंडिगो यात्रियों की सुविधा के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के साथ समन्वय कर रही है, ताकि फंसे नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर स्वदेश लाया जा सके।

रविवार रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCS) की बैठक हुई, जिसमें खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। समिति ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

सरकार पूरी तरह तैयार: प्रल्हाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि संबंधित दूतावासों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। सरकार ने दोहराया कि भारतीय नागरिक जहां भी हों, उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग फंसे, जालना सांसद भी दुबई में

महाराष्ट्र के अधिकारियों ने बताया कि हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण राज्य के सैकड़ों लोग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। दुबई में फंसे लोगों में कांग्रेस नेता और जालना से लोकसभा सदस्य कल्याण काले भी शामिल हैं, जो ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले से एक दिन पहले वहां पहुंचे थे। जालना के नौ अन्य पर्यटक भी दुबई और अबू धाबी में फंसे हुए बताए जा रहे हैं।

300 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते कई हवाई क्षेत्र बंद हैं, जिसका असर तीसरे दिन भी विमान सेवाओं पर दिखा। सोमवार को भारतीय एयरलाइनों ने 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। बेंगलुरु और चेन्नई सहित दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख हवाई अड्डों से आगमन-प्रस्थान प्रभावित रहा।

इंडिगो ने 163 से अधिक उड़ानें रद्द कीं, जबकि Air India समूह ने 110 से ज्यादा उड़ानें रद्द कीं। SpiceJet ने कम-से-कम 20 और Akasa Air ने आठ उड़ानें संचालित नहीं कीं।

SEO Keywords:

Related posts