टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 49वां मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है, जबकि न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा अहम है। कीवी टीम जीत के साथ अंतिम चार में एंट्री चाहती है, लेकिन श्रीलंका में लगातार हो रही बारिश ने समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर यह मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया तो किसे फायदा होगा और क्या पाकिस्तान की उम्मीदें बची रहेंगी?
मैच रद्द हुआ तो न्यूजीलैंड की बल्ले-बल्ले
सुपर-8 के समीकरण साफ हैं। अगर न्यूजीलैंड यह मुकाबला जीत लेता है तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान की उम्मीदें श्रीलंका से अपने मैच से पहले ही खत्म हो जाएंगी। दिलचस्प बात यह है कि अगर इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश की वजह से रद्द भी हो जाता है, तब भी अंक तालिका और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में जगह बना लेगा। श्रीलंका में अब तक कई मुकाबले बारिश से प्रभावित रहे हैं, ऐसे में पाकिस्तान यही चाहेगा कि यह मैच हर हाल में पूरा हो।
कोलंबो का मौसम बढ़ा रहा है टेंशन
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मुकाबले के दौरान कोलंबो में हल्की बारिश की आशंका है। शाम 7 बजे बारिश की संभावना करीब 7 प्रतिशत बताई गई है। रात 8 बजे से 11 बजे तक भी बारिश की संभावना लगभग 7 प्रतिशत ही रहने का अनुमान है। हालांकि प्रतिशत कम है, लेकिन श्रीलंका के हालिया मौसम को देखते हुए किसी भी वक्त बारिश खलल डाल सकती है। ऐसे में दोनों टीमें और फैंस 40 ओवर का पूरा रोमांच देखने की दुआ कर रहे हैं।
पाकिस्तान के लिए क्या है सेमीफाइनल का रास्ता?
इंग्लैंड सुपर-8 में लगातार दो जीत के साथ पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुका है। श्रीलंका पर 61 रन की जीत के बाद न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +3.050 हो गया है, जिससे उसकी स्थिति बेहद मजबूत है। उसे सिर्फ बड़ी हार से बचना है। दूसरी ओर इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान का नेट रन रेट -0.461 है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को उम्मीद करनी होगी कि न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी हार मिले। इसके साथ ही पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, ताकि उसका नेट रन रेट सुधर सके और वह समीकरण अपने पक्ष में कर सके।
फिलहाल सबकी नजरें कोलंबो के मौसम और इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मुकाबले पर टिकी हैं, क्योंकि इसी मैच से सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो सकती है।
